देवास
सराफा बाजार में बातों में उलझाकर मंगलसूत्र चुराने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, ₹75 हजार का मंगलसूत्र बरामद
देवास - कोतवाली थाना क्षेत्र के सराफा बाजार में सोने की दुकान से मंगलसूत्र चोरी करने का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं से चोरी किया गया करीब 70-75 हजार रुपये कीमती मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है।
फरियादी दीपक पिता विजय कुमार सोनी की सराफा बाजार देवास में दीपक ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी शॉप है। 12 नवंबर को दो महिलाएं दुकान पर सोने की चैन और मंगलसूत्र खरीदने के लिए आई थीं। उन्होंने एक मंगलसूत्र खरीदा भी, लेकिन बातों में उलझाकर दूसरा मंगलसूत्र चोरी करके ले गईं।
दुकानदार ने एक मंगलसूत्र का पेमेंट लिया, लेकिन बाद में पता चला कि दूसरा मंगलसूत्र गायब है। इसके बाद फरियादी ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज और रास्ते में लगे कैमरों को खंगाला। महिलाओं के फोटो और फुटेज पुलिस के कम्युनिटी ग्रुप में शेयर किए गए।
जांच में पता चला कि दोनों महिलाएं बरोठा क्षेत्र के भाड़ा पीपलिया गांव की रहने वाली हैं। दोनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया है -
*1.* भावना पति दीपक सांसी, निवासी भाड़ा पीपलिया
*2.* लाड़ कुंवर बाई पति सुमेर सिंह सांसी, निवासी भाड़ा पीपलिया
पूछताछ के बाद पुलिस ने इनसे चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 70 से 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
कोतवाली पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


