Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में विधायक, कलेक्टर, एसपी और सीईओ जिला पंचायत ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण

 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में विधायक, कलेक्टर, एसपी और सीईओ जिला पंचायत ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण








1,30 दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण, विभिन्न योजनाओं में ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए


2, कलेक्टर श्रीमती मीना ने मूक-बधिर बालक को श्रवण यंत्र किए भेंट, सम्वेदनशीलता के साथ साइन लैंग्वेज में किया आत्मीय संवाद


आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर उद्योग एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत सोनकच्छ विकासखंड के पीपलरावां में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक डॉ. राजेश सोनकर, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।


शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से ग्रामीणों एवं नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ तथा आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं में हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा भारत सरकार की एडीप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 2 बैटरी चलित ट्राईसाइकिल, 13 ट्राईसाइकिल, 3 टीएलएम किट, 10 कान की मशीन, 18 बैसाखी, 4 व्हीलचेयर, 3 चेयर विद कमोड तथा 14 नी-बेल्ट सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं। इसी क्रम में जब एक मूक-बधिर बालक नवीन चंद्र केसावत को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया, तो कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने न केवल उसे उपकरण भेंट किया, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर साइन लैंग्वेज (सांकेतिक भाषा) में बालक से आत्मीय संवाद भी किया। सांकेतिक भाषा में कलेक्टर को ​संवाद करते देख बालक के चेहरे पर मुस्कान आ गई और उसने भी सांकेतिक भाषा में अपनी बात साझा की। 


कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री कविता शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, डीएफओ श्री अमित सिंह, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।