Type Here to Get Search Results !

मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने वृद्धाश्रम बसेरा में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर जानी व्यवस्थाएं, पौधारोपण भी किया



मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने वृद्धाश्रम बसेरा में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर जानी व्यवस्थाएं, पौधारोपण भी किया



“मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने वृद्धाश्रम बसेरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों की संख्या एवं उनके लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उप संचालक, सामाजिक न्याय विभाग ने वृद्धाश्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनसे पूछा कि उन्हें यहां कैसा लगता है तथा वृद्धाश्रम में किस प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने प्रदेश के बाहर से आकर निवास कर रहे वृद्धजनों के संबंध में भी जानकारी ली। साथ ही वृद्धजनों की दैनिक दिनचर्या एवं विभिन्न गतिविधियों के बारे में चर्चा की।


वृद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि वृद्धाश्रम में उनकी अच्छी देखभाल की जाती है। यहां उन्हें बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं मिल रही हैं। समय-समय पर उन्हें तीर्थ दर्शन के लिए भी ले जाया जाता है तथा सभी त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया तथा वृद्धाश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे और अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।