मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र जामगोद का किया निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने जामगोद स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपचार के लिए आए मरीजों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता और समयबद्धता को लेकर जानकारी भी ली। मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) से स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की जानकारी ली।
मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने सीएचओ को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं के पंजीयन रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखें तथा सभी जानकारियां समय पर दर्ज करने के लिए कहा। सभी गर्भवती महिलाओं का स्वस्थ प्रसव हो। इसके लिए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा उनके स्वास्थ्य की सतत निगरानी रखते हुए समय पर आवश्यक उपचार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दवाई स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया तथा गर्भवती महिलाओं के पंजीयन रजिस्टर और ऑनलाइन एप पर दर्ज पंजीयन संख्या का मिलान कर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ओपीडी, काउंसलिंग कक्ष सहित स्वास्थ्य केंद्र के अन्य कक्षों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. सुदाम खाड़े, संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



