कलेक्टर श्रीमती मीना ने सांदीपनि विद्यालय सन्नौड़ का निरीक्षण कर शत प्रतिशत परिणाम के लिए रिवीजन और रेमीडियल क्लास लगाने के दिए निर्देश
प्राइमरी के विद्यार्थियों के साथ किया भोजन, विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं परीक्षा की तैयारियों की ली जानकारी
पांचवीं के विद्यार्थियों से पूछे पहाड़े, बोर्ड पर हल करवाए गणित के प्रश्न, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों पर की सराहना
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर से पहले शासकीय सांदीपनि विद्यालय सन्नौड़ का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य से विद्यार्थियों की संख्या एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती मीना ने विद्यालय में लगे अग्निशामक यंत्रों का अवलोकन किया तथा पुराने अग्निशामक यंत्रों को बदलने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने विद्यालय के भोजन कक्ष का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्यान भोजन की गुणवत्ता जांची। उन्होंने मध्यान भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लेकर प्राथमिक कक्षा के बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनके लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। एक छात्रा ने बताया कि वो बड़ी होकर पुलिस सेवा में जाना चाहती हैं, इसपर कलेक्टर श्रीमती मीना ने उसका उत्साहवर्धन भी किया।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं से चर्चा कर उनकी पढ़ाई एवं परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। 10वीं कक्षा की छात्राओं ने शनिवार से शुरू होने जा रही अर्धवार्षिक परीक्षाओं की जानकारी दी। इसपर कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्राओं से कठिन विषयों और उसकी तैयारी को लेकर चर्चा करते हुए परीक्षा को लेकर जरूरी टिप्स साझा की। उन्होंने कहा कि अर्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाएं बहुत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए विद्यार्थी समय-सारणी बनाकर पढ़ाई करें और समय का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर श्रीमती मीना ने निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष रिवीजन कक्षाएं आयोजित की जाएं। कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा की दृष्टि से विद्यार्थियों को अभी से गंभीरता और नियमितता के साथ पढ़ाई कराई जाए। उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को भी वार्षिक परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान 12वीं की छात्राओं से कलेक्टर ने अलंकार के संबंध में प्रश्न पूछे। छात्रों ने उदाहरणों के साथ अलंकार की परिभाषा बताई। उन्होंने छात्रों को मॉडल पेपर हल करने की सलाह दी, जिससे परीक्षा में प्रश्नों को हल करने का पर्याप्त अभ्यास हो सके।
पांचवीं के विद्यार्थियों से पूछे पहाड़े, बोर्ड पर हल करवाए गणित के प्रश्न
कलेक्टर श्रीमती मीना ने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से पहाड़े पूछकर और बोर्ड पर गणित के सवाल हल कराकर शिक्षा की गुणवत्ता जानी। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पहाड़े सुनाए और गणित की समस्याएं हल की। कलेक्टर श्रीमती मीना ने बच्चों को प्रोत्साहित किया और शिक्षकों को गणित विषय पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्य एवं शिक्षकों से कहा कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पाठ्यक्रम पूरा कराएं। विद्यार्थियों को बोर्ड पर प्रश्न हल करवाने का नियमित अभ्यास कराएं, ताकि उनमें आत्मविश्वास विकसित हो। बच्चों की विषयवार कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
नृत्य एवं संगीत कक्षाओं का भी किया अवलोकन
कलेक्टर श्रीमती मीना ने विद्यालय में संचालित डांस एवं संगीत कक्षाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संगीत एवं नृत्य प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति भी दी। कलेक्टर ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न वाद्य यंत्र सीखने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने संगीत और नृत्य कक्षाओं के संचालन की सराहना भी की।



