Type Here to Get Search Results !

देवास जिले में चल रही स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ें युवा, 10 साल का विजन लेकर चलें उद्यमी- कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना

देवास जिले में चल रही स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ें युवा, 10 साल का विजन लेकर चलें उद्यमी- कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना





मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' के तहत करनावद में उद्योग संवाद आयोजित: कलेक्टर और सीईओ का उद्यमियों व लखपति दीदियों से संवाद, आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा की


मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बागली विकासखंड के करनावद में उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे ने स्थानीय उद्यमियों, व्यवसायियों तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों से सीधा संवाद किया।


कार्यक्रम में क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, स्वरोजगार और लघु उद्योगों के संचालन में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए अपने प्रयासों और सफलता की प्रेरक कहानियां भी साझा कीं।


कलेक्टर श्रीमती मीना ने उद्यमियों को 10 वर्षों की कार्ययोजना बनाकर आगे बढ़ने की सलाह दी तथा सभी को शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने पात्र युवाओं एवं उद्यमियों को शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही बैंक प्रतिनिधियों को ऋण प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।


*उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव*


कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासन की स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं ने उन्हें व्यवसाय स्थापित करने, कारोबार का विस्तार करने और अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।


संवाद के दौरान उद्यमी श्री धर्मेंद्र पाटीदार ने बताया कि उन्होंने शासकीय योजना के तहत 37 लाख 88 हजार रुपये का ऋण लेकर वर्ष 2024 में अपनी यूनिट स्थापित की थी। उनका व्यवसाय आज 6 करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक टर्नओवर तक पहुंच गया है। वर्तमान में उनके उद्योग से 12 अन्य लोगों को रोजगार मिल रहा है तथा उनके द्वारा उत्पादित पशु आहार का विक्रय लगभग 10 जिलों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने युवाओं से भी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।


उद्यमी श्री राम पांचाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत 10 लाख रुपये का ऋण लेकर आइसक्रीम प्लांट स्थापित किया है। आज उनके उत्पाद देवास के साथ इंदौर जिले में भी सप्लाई किए जा रहे हैं तथा उनकी इकाई से 7 लोगों को रोजगार मिल रहा है।


इसी प्रकार श्रीमती पूजा शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का लाभ लेकर 25 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया और अपना व्यवसाय स्थापित किया। वर्तमान में उनके उद्योग से 9 लोगों को रोजगार मिल रहा है। वे अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।


उद्यमी श्री धर्मेंद्र ने बताया कि वे सिविल कॉन्ट्रैक्टिंग के साथ सीमेंट पाइप निर्माण का कार्य कर रहे हैं। उनके उद्योग से लगभग 40 लोगों को रोजगार मिल रहा है तथा व्यवसाय का टर्नओवर करोड़ों रुपये में है। वहीं श्री संदीप पाटीदार ने बताया कि उन्होंने चिल्ड वाटर प्लांट की स्थापना की, जिसका वर्तमान टर्नओवर लगभग 2 करोड़ रुपये है।


शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर सभी संबंधित विभागों के स्टॉल लगाए गए। उद्यमी एवं नागरिक संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकते हैं।


इस अवसर पर डीएफओ श्री अमित सिंह, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, बैंकर्स, स्थानीय उद्यमी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।