लवकुश अस्पताल के सामने दिनदहाड़े बाइक चोरी, लोगों ने चोर को रंगे हाथ पकड़ा - पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
*देवास।* देवास में लवकुश अस्पताल के पास से बाइक चोरी का मामला सामने आया है। अस्पताल के सामने खड़ी बाइक को चुराकर भाग रहे युवक को फरियादी और स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली है।
फरियादी दिनेश गुर्जर पिता नागूलाल गुर्जर निवासी दुराडिया गुर्जर, घटिया, उज्जैन अपनी पत्नी को लेकर लवकुश अस्पताल देवास आए थे। पत्नी अस्पताल के भीतर थी, तभी दोपहर के समय एक व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल चोरी करके ले जाने लगा।
दिनेश गुर्जर ने यह देख लिया और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अर्जुन सिंह उम्र 19 वर्ष, निवासी यमुनानगर देवास बताया जा रहा है। पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
