देवास इंदौर-भोपाल रोड पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात कार की टक्कर से महिला की मौत, डेढ़ साल का बच्चा घायल
देवास में इंदौर-भोपाल रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से इंदौर जा रहे बाइक सवार परिवार को अज्ञात कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ वर्ष का मासूम बच्चा और उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार केतन अपनी पत्नी निकिता और डेढ़ वर्ष के बेटे लवांश के साथ भोपाल से इंदौर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे जॉन डियर कंपनी के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निकिता की मौके पर ही मौत हो गई। पति केतन और डेढ़ साल का बच्चा लवांश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस की गाड़ी। इससे गुस्साए लोगों ने करीब 1 घंटे तक चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण रोड पर करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर सीएसपी सुमित अग्रवाल पूरे बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। डायल 112 से घायल केतन को जिला अस्पताल लाया गया। वहीं एक राहगीर राहुल भाटी डेढ़ वर्ष के बच्चे लवांश को पहले ही देवास जिला अस्पताल उपचार के लिए ले आए। समय पर अस्पताल पहुंचने से बच्चे की जान बच गई, लेकिन उसके पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
पुलिस ने मृतका निकिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
देवास से राजेश पाठक की रिपोर्ट


