Type Here to Get Search Results !

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस पर जिलास्‍तरीय कार्यक्रम बागली में हुआ आयोजित

 जनजातीय गौरव दिवस पर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित, विभागों ने लगाए योजनाओं के स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन


भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक - विधायक श्री मुरली भंवरा


धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस पर जिलास्‍तरीय कार्यक्रम बागली में हुआ आयोजित







धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस प्रदेश सहित जिले में गरिमामय एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बागली में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अतिथिगण जनजातीय पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। इस अवसर पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। 


जिला स्तरीय कार्यक्रम में बालक-बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। विधायक श्री मुरली भंवरा ने प्रस्तुति देने वाले सांस्कृतिक दलों को 1-1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।कार्यक्रम स्थल से जनजातीय गौरव एवं भगवान बिरसा मुंडा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई, जो मुख्य मार्ग से होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा।


विधायक श्री मुरली भंवरा ने  कहा कि आज हम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मना रहे हैं। उनका जीवन साहस, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है। जनजातीय गौरव दिवस पर हमें उनके संघर्ष, आदर्शों और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनसे प्रेरणा लेने का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा को संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया। जनजातीय समाज प्रकृति का उपासक है और भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही समाज के हितों के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।विधायक श्री भंवरा ने कहा कि सभी को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में समरसता, एकता और आत्मनिर्भरता की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास के संकल्प के साथ आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।उन्होंने बागली विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र में तीन सांदीपनि विद्यालय बनाए गए हैं। महाविद्यालय निर्माण  किया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय खोलने का प्रस्ताव भी राज्य शासन को भेजा गया है। इसके अतिरिक्त छात्रावास स्वीकृत कराए गए हैं। शासकीय भवनों, खेल मैदानों सहित अन्य विकास एवं निर्माण कार्य भी प्रगतिरत हैं।


मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने कहा कि जनजातीय समाज भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। भगवान बिरसा मुंडा ने राष्ट्र और जनजातीय समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।उन्होंने कहा कि हम सभी के मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए। जब भी राष्ट्र को हमारी आवश्यकता पड़े, हमारा योगदान सबसे पहले होना चाहिए। हमें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर स्वयं को मजबूत बनाना होगा, क्योंकि जब समाज मजबूत बनेगा, तभी राष्ट्र भी मजबूत बनेगा।श्री सेंधव ने कहा कि हमारा देश विभिन्न संस्कृतियों का संगम है और हमें अपनी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया तथा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके योगदान और आदर्शों पर प्रकाश डाला।