विधायक मनोज चौधरी के जन्मदिन पर पौधारोपण
देवास। ग्राम पंचायत नागुखेड़ी के जय दुर्गा नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर रविवार को विधायक मनोज चौधरी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर भारत माता के पूजन से हुई। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, वार्ड पंचों, ग्रामीणजनों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुंगावदा एवं नागुखेड़ी के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और बच्चों के साथ परिसर में पौधे लगाए गए। इस दौरान उप सरपंच ठा. रंजन सिंह राठौड़ ने विधायक चौधरी द्वारा क्षेत्र के विकास एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका अभिवादन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ठा. प्रेम सिंह सोलंकी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं केंद्रीय सहकारी बैंक संचालक, विशेष अतिथि ठा. त्रिपाल सिंह पवार, पूर्व विधायक प्रतिनिधि तथा आत्मीय अतिथि महेंद्र व्यास, पूर्व सरपंच नागुखेड़ी एवं पूर्व जनपद डायरेक्टर, जनपद पंचायत देवास लखन तीपानिया सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आंगनवाड़ी केंद्र में पानी की समस्या
कार्यक्रम के अंत में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र परिसर में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। बच्चों के लिए पानी घर से ड्रम में लाना पड़ता है। ऐसे में परिसर में लगाए गए पौधों की सिंचाई कैसे होगी, यह चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्र में पानी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की शीघ्र मांग की है।



