सरकारी स्कूल से IPS तक का सफर: देवास पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट विद्यालय में बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
देवास। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर आज देवास पुलिस अधीक्षक उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें जीवन में लक्ष्य तय करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। स्कूल परिसर में आयोजित इस प्रेरक सत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से कहा कि सबसे पहले अपने समय को खुद को देना सीखें। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी संतुलन बनाना जरूरी है, क्योंकि यही संतुलन व्यक्तित्व को मजबूत बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से उन विद्यार्थियों से बातचीत की जो 9वीं से 10वीं और 11वीं से 12वीं कक्षा में पहुंचे हैं, और उन्हें आने वाले बोर्ड वर्षों की महत्ता समझाई।
अपने जीवन का उदाहरण देते हुए पुलिस अधीक्षक ने भावुक अंदाज़ में कहा कि “स्कूल कभी बड़ा या छोटा नहीं होता, न ही सरकारी और प्राइवेट का फर्क सफलता तय करता है। मैं खुद शासकीय स्कूल में पढ़ा हूं और उसी से आगे बढ़कर IPS बना हूं।” उनके इन शब्दों ने बच्चों में आत्मविश्वास भर दिया।



