कृषि विज्ञान केंद्र देवास द्वारा आलू उत्पादन एवं प्रसंस्करण पर कार्यशाला
------------
देवास 12 सितम्बर 2023/ कृषि विज्ञान केंद्र देवास में एक दिवसीय आलू उत्पादन एवं प्रसंस्करण पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें वरिष्ठ वैज्ञानिक राष्ट्रीय आलू अनुसन्धान केंद्र ग्वालियर डॉ. मुरलीधर, उप-संचालक उद्यानिकी विभाग श्री पंकज शर्मा तथा जिले के 04 एफपीओ एवं एनजीओ द्वारा अंगीकृत गाँवों के आलू उत्पादक 120 कृषक व कृषक महिलाएं उपस्थित थी।
प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र देवास डॉ. ए.के. बड़ाया ने कार्यक्रम की उपयोगिता एवं महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उच्च गुणवत्तायुक्त आलू के बीज उत्पादन के साथ साथ आलू प्रसंस्करण करना एवं कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग के द्वारा किसानों को अधिक आय प्राप्त कराना आदि है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक राष्ट्रीय आलू अनुसन्धान केंद्र ग्वालियर डॉ. मुरलीधर ने किसानों को आलू बीज उत्पादन के प्रमुख गुर के साथ साथ कीट एवं बीमारियों के प्रबंधन के बारे में विस्तार से कृषकों की समस्याओं का समाधान भी किया। साथ ही आलू से बनने वाले उत्पाद जैसे गुलाब जामुन, जलेबी, केक आदि के बारे में जानकारी दी और साथ उन्होंने बताया कि इस प्रकार के उत्पाद बनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकता है। उन्होंने बताया कि किसान, एफपीओ या किसान समूह आलू उत्पादन एवं उक्त प्रसंस्करण से अधिक आय प्राप्त कर सकता है।
केंद्र के उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. निशिथ गुप्ता ने कृषकों को आलू की प्रचलित उन्नतशील किस्मों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन केंद्र की वैज्ञानिक श्रीमती नीरजा पटेल द्वारा किया गया।


