देवास जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 का दूसरा चरण 11 से 16 सितम्बर तक होगा संचालित
मिशन इंद्रधनुष 5.0 में नियमित टीकाकरण में छूटे हुए 5 साल तक के बच्चों और गर्भवती माताओं का होगा टीकाकरण
------------
देवास, 08 सितम्बर 2023/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.विष्णुलता उईके ने बताया कि जिले में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देशन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में गर्भवती माताओं और 5 साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा। किसी कारण छूटे हुए हितग्राही के लिए शतप्रतिशत टीकाकरण के लिए मिशन इंद्रधनुष 5.0 के दूसरे चरण का आयोजन 11 से 16 सितम्बर तक किया जावेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनिल तिवारी ने बताया कि 5 साल तक के बच्चे और गर्भवती माताओं को टीकें लगाये जा रहे हैं, अगर नियमित टीकाकरण में किसी कारण से नियमित टीके लगाने से छुट गये है, वे अपने निकटतम स्वास्थ्य कार्यकर्ता से सम्पर्क कर इस महत्वपूर्ण अभियान में टीका अवश्य लगवाये। किसी भी बीमारी को जड़ से मिटाना है तो उसके लिए टीके के सभी निर्धारित डोज समय पर लगवाना आवश्यक है। मिशन इंद्रधनुष की सबसे खास बात ये रहेगी कि टीकाकरण यूविन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। अब ये डिजिटल प्लेटफार्म पर होगा। माताओं को पहली बार गर्भवती होने पर टीडी के दो डोज और दूसरी या अधिक बार गर्भवती होने पर बूस्टर डोज लगेगा। बच्चों के जन्म पर ओपीवी, बीसीजी और हेपेटाइटिस बी का टीका लगता है। इसके बाद 5 अन्य तरह के टीके इसमें कवर किए जाएंगे। मिशन इंद्रधनुष दूसरा चरण 6 दिन चलेगा।


