कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
-------------
देवास जिले में नगर निगम, विकासखण्ड, तहसील, नगर परिषद और ग्राम पंचायत स्तर तक 01 अक्टूबर से चलाया जायेगा स्वच्छता पखवाड़ा
-------------
स्वच्छता पखवाड़ा में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को करें शामिल – कलेक्टर श्री गुप्ता
------------
जिले में नल जल योजना का संचालन स्व सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से कराया जाये
-------------
देवास 25 सितम्बर 2023/ कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम देवास श्री बिहारी सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रियंका मिमरोट, एसडीएम टोंकखुर्द श्री कन्हैयालाल तिलवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रिया चंद्रावत सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में नगर निगम, सभी विकासखण्डों, तहसीलों, नगर परिषदों और ग्राम पंचायत स्तर पर 01 अक्टूबर से स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाये। स्वच्छता पखवाड़ा में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को शामिल करें। स्वच्छता पखवाड़ा में सभी श्रमदान करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि नल जल योजना का संचालन स्व सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से कराया जाये। जिले में जिन ग्रामों में नल जल योजना चल रही है, उन्हें जल्द पूर्ण करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि कलेक्टर कार्यालय में उपस्थिति के लिए बॉयोमेट्रिक मशीन लगाई गई है। सभी अधिकारी/कर्मचारी कार्यालय आते समय और कार्यालय से जाते समय मशीन का उपयोग करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी गैस कनेक्शनधारी उपभोक्ता एवं गैर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना श्रेणी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत ऐसी पंजीकृत लाड़ली बहने जिनके स्वयं के नाम से गैस कनेक्शन हैं को 450 रूपये में गैस सिलेण्डर प्रदाय करने की योजना के फॉर्म भरवाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएमएचओ से जिले में एनआरसी में भर्ती बच्चों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभागों में संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी जिले के वेबसाइट पर अपलोड करें। इसके लिए योजना का नाम, पात्रता की शर्तें, आवेदन करने की अंतिम तिथि, योजना के प्रभारी का नाम एवं मोबाइल नम्बर आदि प्रमुख जानकारी तैयार कर जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना सुनिश्चित किया जाये।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी 6 माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण तैयार करने की कार्यवाही अभी से प्रारंभ करें। जिला पेंशन कार्यालय से सम्पर्क कर आवश्यक सुधार पूर्व से ही करवा लिये जायें। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किसी भी स्थिति में पेंशन के लिए इंतजार नहीं करना पडे, यह सुनिश्चित किया जाये।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि टीएल प्रकरणों का निराकरण शीघ्र करें। समाधान ऑनलाइन शिकायतों पर कार्यवाही कर समय-सीमा में निराकरण करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को अगले लेवल में न जाने दें, पहली प्राथमिकता रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण संतुष्टिपूर्वक करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि 100 दिवस से अधिक एक भी शिकायत लम्बित नहीं रहना चाहिए। शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही की जायेगी।
