राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अंतर्गत जिला स्तरीय अंर्तविभागीय कार्यशाला आयोजित
-------------
देवास जिले में 12 सितम्बर को 01 से 19 वर्ष के बच्चों को खिलाई जायेगी कृमिनाशन गोली
-------------
देवास 23 अगस्त 2023/ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अंतर्गत जिला स्तरीय अंर्तविभागीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमे स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, नगर निगम, जिला पंचायत के अधिकारी, क्षेत्रीय समन्वयक एविडेंस एक्सन इन्दौर रीजन श्री बृजमोहन दुबगे उपस्थित थे।
कार्याशाला में बताया गया कि देवास जिले में 12 सितम्बर को 01 से 19 वर्ष के बच्चों को कृमिनाशन गोली खिलाई जायेगी। श्री बृजमोहन दुबगे ने पावर पाईन्ट प्रिजेंटेशन के माध्यम से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण मे बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण, व्यक्तिगत अस्वच्छता तथा संक्रमित दूषित मिट्टी के संपर्क से संभावित होता हैं। कृमि संक्रमण से बच्चों का जहाँ एक ओर शारीरिक एवं बौद्धिक विकास बाधित होता है वही दूसरी ओर उनमें खून की कमी व पोषण स्तर पर दुष्प्रभाव परिलक्षित होता हैं। 01 से 19 वर्षीय बच्चों का कृमिनाशन करना विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुशंसित एक साक्ष्य आधारित सकारात्मक रणनीति है।
उन्होंने बताया कि शालाओं/आंगनवाड़ी केन्द्रों में शिक्षको तथा आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की निगरानी में विभिन्न हितग्राही वर्ग को एल्बेंडाजॉल गोली का सेवन कराया जायेगा। 01 से 02 वर्ष के बच्चो को एल्बेंडाजॉल 400 मि.ग्रा. की आधी गोली दो चम्मचों के बीच चूरा करके पीने के साफ पानी में मिलाकर खिलाई जायेगी तथा 02 से 03 वर्ष के बच्चों एल्बेंडाजॉल 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली दो चम्मचों के बीच चूरा कर पीने के साफ पानी में मिलाकर खिलाई जायेगी एवं 03 से 19 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजॉल 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली चबाकर खिलाई जायेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुलता ऊईके ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। जिसमें समस्त शासकीय/अशासकीय अनुदान प्राप्त शालाओं, आदिवासी आश्रम शालाओं, प्रायवेट/प्रायवेट अनुदान प्राप्त शालाओं, केन्द्र शासित शालाओं, मदरसों, स्थानीय निकाय की शालाओं, आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 अंतर्गत संचालित चाइल्ड केयर इंस्टिट्युटमें में 01-19 वर्ष के बच्चों किशोर/किशोरियों को एल्बेंडाजॉल 400 एम.जी. गोली का सेवन कराया जाता है। साथ ही 20 से 49 वर्ष प्रजनन आयु वर्ग कि महिलाओं को भी लक्षित समुह में रखा गया है। प्रदेश में 12 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस तथा 15 सितम्बर को मॉप-अप दिवस का आयोजन किया जायेगा।

