निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीई स्कूटी वितरण का जिला स्तरीय समारोह उत्कृष्ट विद्यालय देवास में हुआ आयोजित
------------
जिले में सभी विकासखण्डों में आयोजित हुआ निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीई स्कूटी वितरण समारोह
-------------
देवास जिले में कक्षा 12वीं में स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 161 बालक/बालिकाओं को स्कूटी दी, जिसमें 85 बालिका और 76 बालक शामिल
-------------
राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री चौहान के मुख्य आतिथ्य में पॉलिटेक्निक ग्राउंड शहडोल में हुआ आयोजित
-------------
देवास 23 अगस्त 2023/ जिले में निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीई स्कूटी वितरण समारोह का जिला स्तरीय समारोह उत्कृष्ट विद्यालय देवास में आयोजित हुआ। स्कूटी वितरण समारोह में जिले में शिक्षा सत्र 2022-23 की मुख्य परीक्षा में कक्षा 12वीं में स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रत्येक स्कूल से 01 बालक 01 बालिका को निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीई स्कूटी दी गई। जिले में सभी विकासखण्डों में भी निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीई स्कूटी वितरण समारोह आयोजित हुआ। स्कूटी वितरण समारोह में जिले के 161 बालक/बालिकाओं को स्कूटी वितरित की गई। जिसमें 85 बालिकाओं और 76 बालको को स्कूटी दी गई। विकासखण्ड देवास में 22 बालिकाओं और 19 बालकों, विकासखण्ड बागली में 16 बालिकाओं और 17 बालकों, विकासखण्ड कन्नौद में 14 बालिकाओं और 10 बालकों, विकासखण्ड खातेगांव में 14 बालिकाओं और 13 बालकों, विकासखण्ड सोनकच्छ में 08 बालिकाओं और 07 बालकों तथा विकासखण्ड टोंकखुर्द में में 11 बालिकाओं और 10 बालकों को स्कूटी दी गई।
उत्कृष्ट विद्यालय देवास में आयोजित स्कूटी वितरण समारोह में देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, नगर निगम सभापति श्री रवि जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष देवास श्रीमती रामकला मुकेश पटेल, बीजेपी अध्यक्ष श्री राजीव खण्डेलवाल, श्री भरत चौधरी, श्री संजय दायमा सहित जनप्रतिधिनिगण, सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति, शिक्षा विभाग के अधिकारी, उत्कृष्ट स्कूल के प्राचार्य श्री सुधीर कुमार सोमानी, पालकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
उत्कृष्ट विद्यालय देवास में आयोजित स्कूटी वितरण समारोह में देवास विधायक श्रीमती पवार ने कहा कि प्रदेश को शिक्षित और विकसित बनाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश में 20 साल में बहुत बदलाव हुआ है। बच्चों को स्कूल में 12वीं में प्रथम आने पर प्रदेश सरकार द्वारा स्कूटी दी जा रही है, जिससे उनकी आगे की पढाई में सहायक होगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम सभापति श्री रवि जैन और बीजेपी अध्यक्ष श्री राजीव खण्डेलवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवास श्री अजय सोलंकी ने किया एवं आभार प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्री सुधीर सोमानी ने माना। देवास जिले में स्कूटी वितरण समारोह में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
स्कूटी वितरण समारोह का राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में पॉलिटेक्निक ग्राउंड, शहडोल में आयोजित हुआ। निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के कुल 7 हजार 790 विद्यार्थी लाभान्वित हुये है, इसमें पेट्रोल स्कूटी चयनित करने वाले 4 हजार 806 विद्यार्थी और ई स्कूटी स्कूटी चयनित करने वाले 2 हजार 984 विद्यार्थी शामिल हैं। राज्य शासन द्वारा पेट्रोल स्कूटी चयनित करने वाले विद्यार्थियों को प्रति विद्यार्थी 90 हजार रुपए की राशि और ई स्कूटी चयनित करने वाले विद्यार्थियों को प्रति विद्यार्थी 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, इस तरह कुल 7 हजार 790 लाभार्थी विद्यार्थियों को स्कूटी के लिए 79 करोड़ 6 लाख 20 हजार रुपए राशि की स्वीकृति दी गई हैं।
उल्लेखनीय है कि निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना अंतर्गत प्रदेश में संचालित शासकीय हायर सेकेन्डरी विद्यालयों में सत्र 2022-23 में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी/(मोटरराईज्ड) स्कूटी क्रय के लिये राशि प्रदाय की जा रही है। इस योजना अंतर्गत ऐसे छात्र-छात्राएं पात्र होगें, जो प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग अन्तर्गत संचालित शासकीय हायर सेकेण्डरी शाला में नियमित विद्यार्थी के रूप में अध्ययन कर माध्यमिक शिक्षा मण्डल (एम.पी.बोर्ड) की हायर सेकंडरी (कक्षा 12वीं ) परीक्षा में किसी भी संकाय में अपनी शाला में नियमित परीक्षार्थी के रूप में टॉप कर प्रथम स्थान अर्जित किया हो।



