देवास जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में विश्व स्तनपान सप्ताह का हुआ शुभारंभ, 07 अगस्त तक होगी जन-जागरूकता गतिविधियां
-------------
देवास 01 अगस्त 2023/ देवास जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में 07 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जायेगी। अभियान के शुभारम्भ पर जिले की शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं, प्रसव केंद्रों, हैल्थ एंड वैलनेस सेंटर में प्रात: 10 से 11 बजे के मध्य में एक घंटे का कॉउंसिलिंग ऑवर मनाया गया। कॉउंसिलिंग ऑवर के दौरान सभी अस्पतालों में एएनसी ओपीडी और पीडियाट्रिक ओपीडी में आने वाली गर्भवती एवं धात्री माताओं, पीएनसी वार्ड में भर्ती प्रसूताओं और एसएनसीयू, एनवीएसयू, एनआरसी में भर्ती बच्चों की माताओं को स्तनपान संबंधी समझाइश दी गईं। सभी शासकीय प्रसव केन्द्रों में पदस्थ मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टॉफ, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा नवजात शिशु के जन्म के तुरंत बाद माताओं को स्तनपान कराने की समझाइश दी
जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विष्णुलता ऊईके ने बताया कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी एक से सात अगस्त के दौरान विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष के विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम "इनेवलिंग ब्रेस्ट-फीडिंग: मेकिंग अ डिफरेंस फॉर वर्किंग पेरेंट्स'' है। स्तनपान माँ और बच्चा, दोनों के लिये आवश्यक है। परिवार में एक माता को दोहरे दायित्वों का निर्वहन करना होता है। इसलिये यह आवश्यक है कि एक माँ को उसके परिवार से यथोचित सहयोग प्राप्त हो, ताकि वह अपने बच्चे को समुचित स्तनपान करा सके। स्तनपान के लाभ के संबंध में जागरूता बढ़ाने और स्तनपान को प्रोत्साहन देने की गतिविधियों को विश्व स्तनपान सप्ताह में किया जा रहा हैं।
विश्व स्तनपान सप्ताह 01 से 07 अगस्त के दौरान मेटरनिटी एवं शिशु वार्ड के स्टॉफ नर्स और पोषण प्रशिक्षक भर्ती माताओं को सरल और रोचक ढंग से स्तनपान संबंधी परामर्श देंगे। क्विज के माध्यम से भर्ती माताओं का ज्ञानवर्धन करेंगे। स्तनपान प्रोत्साहन संबंधी ऑडियो-वीडियो का प्रदर्शन करें। शीघ्र स्तनपान एवं 6 माह तक केवल स्तनपान के लिये गर्भवती प्रसूता के परिजन से शपथ ग्रहण करवाएंगे। लेबर रूम के प्रभारी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों, महिला चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारी स्तनपान के संबंध में जानकारी बढ़ाने के लिये समझाइश देंगे और साथ ही जन-जागरूकता हेतु अन्य गतिविधियाँ की जायेगी।


