देवास जिले में विश्व जनसंख्या दिवस पर जन-जागरूकता रैली और कार्यशाला आयोजित
------------
देवास, 11 जुलाई 2023/ देवास जिले में विश्व जनसंख्या दिवस पर जन-जागरूकता रैली और कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विष्णुलता उईके ने बताया कि देवास जिले में 11 अगस्त तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का नारा आजादी के अमृत महोत्सव में हम लें यह संकल्प, परिवार नियोजन को बनाएंगे खुशियों का विकल्प” है।
जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ एम.एस. गोसर ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस पर 11 जुलाई को सम्पूर्ण जिले में जागरूकता गतिविधियां, रैली, नारे लेखन और कार्यशाला आयोजित की गई। जिला स्तर पर जागरूकता प्रचार-प्रसार के लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में हितग्राहियो को परिवार कल्याण सेवाओं कि जानकारी प्रदान की गयी। जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. एम.एस.गोसर ने हरी झण्डी देकर रवाना किया। इस अवसर पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. आयुष आचार्य, जिला मीडिया अधिकारी श्री कमलसिंह डावर, एएसओ श्री दीपक बुटे, बीईई श्री सुखदेव रावत, एलएचव्ही श्रीमती कांता सौलंकी, युपीएचसी स्टॉफ, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
डॉ गोसर ने बताया कि जनसंख्या स्थिरीकरण माह 11 अगस्त मनाया जायेगा। जिसमें व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से सभी चिन्हित दंपत्तियों को परिवार नियोजन कि अस्थायी और स्थायी सेवाये प्रदान की जायेगी। जिला अस्पताल देवास, बरोठा, सोनकच्छ, टोंकखुर्द में प्रति शुक्रवार, खातेगांव, कन्नौद, और सतवास में प्रति बुधवार, बागली, उदयनगर, हाटपिपलिया, डबलचोकी में प्रति गुरुवारको महिला नसबंदी दूरबीन द्वारा एल.टी.टी. और जिला अस्पताल में प्रतिदिन हाथ के आपरेशन सीटीटी और पुरुष नसबंदी किए जा रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ता या शासकीय अस्पताल में सम्पर्क कर सकते है।

