कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित
-------------
जिले के नागरिक आपसी सदभाव व शांति बनाये रखते हुए आगामी त्यौहारों को मिलजुलकर मनायें - कलेक्टर श्री गुप्ता
--------------
त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे – एसपी श्री उपाध्याय
---------------
कलेक्टर श्री गुप्ता ने आगामी त्यौहारों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाए सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिये निर्देश
---------------
देवास 20 जुलाई 2023/ जिले में जुलाई एवं अगस्त माह में आने वाले त्योहारों पर कानून एवं व्यवस्थाओं एवं विचार विमर्श के लिए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला स्तरीय शांति समिति बैठक में कहा कि जिले के नागरिक आगामी समय में मनाये जाने वाले त्यौहार आपसी भाईचारे तथा सौहार्द्रता पूर्ण शांतिपूर्वक मनाये। जिले की अमन चैन की परंपरा को आगे भी कायम रखे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में सभी नागरिक आपसी सदभाव व शांति बनाये रखते हुए त्यौहारों को मिलजुलकर मनायें और देवास के परस्पर सदभाव की परंपरा को आगे भी बनायें रखें। उन्होंने कहा कि अभी तक जितने भी आयोजन हुए हैं जिले के नागरिकों के सहयोग से ही जिला प्रशासन निर्विघ्न व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने में सफल रहा है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि शांति समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा जो सुझाव दिये गये हैं, उनको नोट किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सुझावों पर विचार कर सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन त्यौहारों पर अपनी ओर से तो व्यवस्था करेगा ही, हम सब समिति के सदस्य भी पर्वों के दौरान बाहर आकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने त्यौहारों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि मौहर्रम के जुलूस में वालेंटियर ड्रेस में बेच लगा कर रहे। विसर्जन स्थल पर टेबल लगाकर कतार में एक के बाद एक विसर्जन करें। विसर्जन स्थल पर नाव और तैराकों की व्यवस्था करें। पुलिस और होमगार्ड की व्यवस्था करें। डीजे आदि निर्धारित डेसीबल ध्वनि में ही बजाने के लिए निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने नगर निगम को साफ सफाई की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, सड़को पर गड्ढे भरने, प्रकाश व पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिये। विद्युत वितरण कंपनी को पर्वों व त्यौहारों पर निरंतर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों एवं स्टॉफ व एम्बुलेंस की ड्यूटी आदि लगाने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि आगामी त्यौहारों यातायात का सुचारू रूप संचालन करें।
पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय ने कहा कि पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे। पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी। जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस को सहयोग करे। हम सभी को जिम्मेदारी पूर्वक त्योहार मनाना है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक भाईचारे की भावना से त्यौहार मनायें। देवास जिला शांति प्रिय जिला है और पुलिस प्रशासन को नागरिकों का हर समय सहयोग मिलता रहा है। सोशल मीडिया पर भडकाउ बयान और आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री राजेश यादव, अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र सिंह कवचे, एएसपी श्री मनजीत सिंह चावला, एसडीएम श्री टी प्रतीक राव, शहर काजी श्री नोमान अहमद अशरफी, शहर काजी श्री अबुल कलाम फारूकी, श्री गुरूचरणसिंह सलूजा, श्री भरत चौधरी, श्री शौकत हुसैन, श्री अतुल बागलीकर सहित शांति समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

