Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित


कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित



-----------

अधिकारीगण चार दिन से अधिक अवकाश पर न जायें

-------------

     देवास, 01 मई 2023/ समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर श्री टी. प्रतीक राव सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।

     बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि चार दिन से अधिक अवकाश पर न जायें। उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि अधीनस्थ अधिकारियों का चार दिवस से अधिक का अवकाश किसी भी स्थिति में स्वीकृत नहीं करें। यदि अत्यन्त आवश्यक हो तो जिला कार्यालय से स्वीकृति प्राप्त करें। बगैर जिला कार्यालय की स्वीकृति के अवकाश पर न जायें। 

बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिये कि सीमांकन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। प्रकरणों के निराकरण के लिए अभियान चलायें। राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों का दल बनाकर सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण किया जाये। कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिये कि जिले के भवन विहीन स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए भूमि आवंटित करें। अपने क्षेत्र में भूमि का चिन्हांकन कर प्रतिवेदन जिला कार्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द क्षेत्र में विशेष ध्यान देकर कार्य को प्राथमिकता से करें। 

कलेक्टर श्री गुप्ता ने “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना”की समीक्षा की और निर्देश दिए कि योजना के तहत अनंतिम सूची को निर्धारित स्थानों पर चस्पा किया जाये। सूची चस्पा करने के उपरांत उसका पंचनामा भी बनाया जाये। अनंतिम सूची पर दावे आपत्तियां प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायतवार एवं नगरीय क्षेत्रों में वार्ड वार पंजी का संधारण किया जाये। 

बैठक में बताया गया कि आगामी 10 मई से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का द्वितीय चरण आयोजित किया जायेगा, जो 25 मई तक चलेगा। अभियान के तहत सीएम हेल्पलाईन में 15 अप्रैल से पूर्व तक की दर्ज शतप्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जायेगा। सभी अधिकारी अभी से तैयारियां प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किये जायेंगे। 

बैठक में बताया गया कि 3 मई बुधवार को खातेगांव में मुख्यमत्री सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। सम्मेलन में लगभग 501 जोड़ों का विवाह/निकाह सम्पन्न होगा। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि सामूहिक विवाह सम्मेलन स्थल पर आवश्यक साफ सफाई, शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, आवश्यक बेरिकेटिंग, अस्थाई शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि गर्मी के मौसम के दृष्टिगत विवाह सम्मेलन में भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। खाद्य विभाग के अधिकारी खाद्य सामग्री की जांच करें। 

बैठक में बताया गया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान विवाह सम्मेलन में वर्चुअल शामिल होंगे तथा सम्बोधित करेंगे। उन्होंने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री के सम्बोधन को सुनने की समुचित व्यवस्था सम्मेलन स्थल पर की जाये। कलेक्टर ने विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि टीएल प्रकरणों एवं समाधान ऑनलाइन शिकायतों पर कार्यवाही कर समय-सीमा में निराकण करें। 

     बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि 500 दिवस से अधिक एक भी शिकायत लम्बित नहीं रहना चाहिए। 500 दिवस से अधिक की शिकायतों का शतप्रतिशत निराकरण एक सप्ताह में करें। शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को अगले लेवल में न जाने दें, पहली प्राथमिकता रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे।