Type Here to Get Search Results !

देवास जिले में सरकारी आयुष केन्द्रों पर मिल रही बेहतर चिकित्सा सुविधायें,



देवास जिले में सरकारी आयुष केन्द्रों पर मिल रही बेहतर चिकित्सा सुविधायें,


पंचकर्म सुविधाओ का लाभ ले रहे है गामीण


----------


     देवास, 21 अप्रैल 2023/ जिले के आयुष केन्द्रों पर बेहतर चिकित्सा और पंचकर्म सुविधायें नि:शुल्‍क मुहैया कराई जा रही है। इन निःशुल्क सुविधाओं का ग्रामीण बेहतर ढंग से लाभ उठा रहे है। हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर दोंताजागीर को पचंकर्म में शिराधारा के लिए उपकरणों की आयुष विभाग से सौगात मिली तो पीडित ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।


      ग्राम दोंताजागीर के 72 वर्षीय देवीसिंह बीते कई महिनों से अनिद्रा और बैचेनी से पीडित थे। नियमित शिरोधारा से उन्हे पांच दिनो में ही राहत महसूस हुई है। मुस्कुराते हुए वे कहते है कि गांव में ही ऐसी सुविधाऐं मिल जाए तो महंगे निजी अस्पतालो की तरफ कौन जाएगा। इसी तरह यहां की 47 वर्षीय संगीता सोलंकी डेढ़ साल से सिरदर्द और थकान से लगभग निराश हो चुकी थी, लेकिन शिरोधारा ने उनके चेहरे पर खोई हुई मुस्कान लौटा दी है।


       जिला आयुष अधिकारी डॉ गिर्राज बाथम ने ग्रामीणों के लिए अभ्यंग टेबल, धारा पात्र तथा स्टेण्ड आदि उपकरण आयुष विभाग की ओर से हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर दोंताजागीर को भेंट किए। चिकित्सा अधिकारी डॉ. हबीब पटेल शिरोधारा को महत्वपूर्ण चिकित्सा मानते है। उनके मुताबिक इससे सिरदर्द, अनिद्रा, थकान के साथ तनाव से होने वाली परेशानियो में काफी राहत मिलती है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दीपेश सोलंकी इसका फायदा पीडितो को दे रहे है। इसमे रोगी के ललाट पर आयुर्वेदिक तेल/तक्र आदि की धारा बहुत धीमे-धीमे गिरायी जाती है। इसमे जडी-बूटियो से बने तेल आदि  का भी उपयोग किया जाता है और यह आयुर्वेद की प्रसिद्ध पद्धति ’’पंचकर्म’’ की महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति मानी जाती है। ग्रामीण इससे खासे उत्साहित है तथा इससे होने वाली राहत से वे आगे बढकर इसका लाभ लेने आयुष केन्द्र पंहुच रहे है।