देवास जिले के ग्राम जिरवाय में मिशन परिवार विकास पखवाडा अंतर्गत सास-बहु सम्मेलन आयोजित
-------------
देवास, 12 अप्रैल 2023/ जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत मिशन परिवार विकास पखवाडे का आयोजन 25 अप्रैल तक किया जा रहा है। जिले एवं विकासखण्ड स्तर पर जन जागरूकता के लिए परामर्श, माईकिंग, प्रचार-प्रसार पखवाड़े के दौरान किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम.पी.शर्मा ने बताया कि परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश में परिवार नियोजन की सेवाओं के प्रति जागरूकता एवं स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए मिशन परिवार विकास पखवाड़ा मनाया जा रहा है। ताकि जनसमुदाय में परिवार नियोजन के स्थाई एवं 3 अस्थाई साधनों के संबंध में जागरूकता लाई जा सके। भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त जिले में मिशन परिवार विकास पखवाड़े का आयोजन 25 अप्रैल तक किया जा रहा है। इसी के तहत जिलें टोंकखुर्द ब्लॉक के ग्राम जिरवाय में एएनएम संगीता कुश्वाह और सीएचओ आरती वर्मा द्वारा सास-बहु सम्मेलन आयोजित कर परिवार नियोजन कि जानकारी दी।
परिवार नियोजन के लिए देवास जिले मे नसबंदी कैम्प आयोजित किये जा रहे है। जिला अस्पताल देवास में महिला नसबंदी सी.टी.टी. प्रतिदिन किये जा रहे और एल.टी.टी. कैम्प प्रति शुक्रवार, इसी प्रकार विकासखण्ड कि स्वास्थ्य संस्थाओं मे एल.टी.टी. कैम्प खातेगावं, कन्नौद और सतवास में प्रति बुधवार, बागली, उदयनगर, हाटपिपल्या और डबल चौकी में प्रति गुरूवार एल.टी.टी. नसबंदी कैम्प आयोजित किये जा रहे।
मिशन परिवार विकास पखवाड़े में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं और ग्राम आरोग्य केन्द्र में सांस-बहु सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी दी गयी। पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सास बहु सम्मेलन का नियमित आयोजन कर जानकारी दे रहे है।
