Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देवास में गौरव दिवस में चुनरी यात्रा में हुवे शामिल



 मुख्‍यमंत्री श्री चौहान देवास में ‘’नगर गौरव दिवस कार्यक्रम में चुनरी यात्रा में हुए शामिल


-------------


मुख्‍यमंत्री श्री चौहान ने 350 करोड़ रूपये से अधिक लागत के विकास कार्यो का किया लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्‍यास


--------------


देवास के विकास में कोई कमी नही रहेगी, देवास की जनता सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें


-------------


अब जनता सरकारी दफ्तर में नहीं जाएगी, बल्कि सरकार उनके पास जाकर काम कर रही है


-------------


चुनरी यात्रा का जगह-जगह हुआ भव्‍य स्‍वागत, भक्तिमय दिखाई दिया देवास शहर


--------------


चुनरी यात्रा में शामिल महिलाएं 11 सौ मीटर लम्‍बी चुनरी लेकर निकली


-----------


      देवास 27 सितम्‍बर 2022/ आज देवास शहर में कुशाभाऊ ठाकरे स्‍टेडियम परिसर में देवास नगर गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया एवं कार्यक्रम के पश्‍चात भव्‍य चुनरी यात्रा निकाली गई। मुख्‍यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देवास नगर गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया एवं चुनरी यात्रा में शामिल हुए। चुनरी यात्रा का जगह-जगह भव्‍य स्‍वागत किया गया। चुनरी यात्रा में शामिल महिलाएं 11 सौ मीटर लम्‍बी चुनरी लेकर निकली। चुनरी यात्रा के दौरान देवास शहर भक्तिमय दिखाई दिया।

      इस अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे स्‍टेडियम परिसर में मुख्‍यमंत्री श्री चौहान ने 350 करोड़ रूपये से अधिक लागत के विकास कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्‍यास किया। विभिन्‍न संस्‍थाओं द्वारा संकल्प-पत्र दिया गया। मॉ चामुंडा महात्म्य पुस्तिका एवं देवास विकास गाथा पुस्तिका का विमोचन किया गया। संविधान पार्क की परिकल्‍पना वीडियों एवं देवास गीत लांच किया।

       कुशाभाऊ ठाकरे स्‍टेडियम परिसर में देवास नगर गौरव दिवस कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देवास मतलब देवियों का वास। देवास पर माता की असीम कृपा है। देवास का गौरव दिवस नवरात्रि के प्रथम दिवस से मनाया गया है। यह स्वागत योग्य है। देवास आने वाले 10 सालों में हिंदुस्तान के प्रमुख शहरों में शामिल हो जाएगा। देवास शहर जैसा विकास बहुत कम शहरो का हुआ है। देवास के विकास में कोई कमी नही रहेगी। इसके लिए देवास की जनता को सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करना होगा। जल बचाना होगा, बच्चों का स्वास्थ्य, शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास करना होगा। विकास का पहिया रुकना नहीं चाहिए। इसके लिए सभी को संल्पित होना होगा।

        मध्य प्रदेश सरकार जनता के लिए फूलों के समान हैं और दुष्‍टो के लिए वज्र के समान कठोर है। महिलाओं एवं मासूम बच्चियों के साथ दुराचार करने वालों को फांसी पर लटका देंगे। प्रदेश की जनता की हर परेशानी को दूर किया जायेगा। अब जनता सरकारी दफ्तर में नहीं जाएगी, बल्कि सरकार उनके पास जाकर काम करेगी। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित किये जा रहे हे। आमजन की सेवा के लिए सरकारी अमले द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभान्वित किया जा रहा है।

       कुशाभाऊ ठाकरे स्‍टेडियम परिसर में देवास नगर गौरव दिवस कार्यक्रम में संबोधित करते हुए देवास जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि आज हम सब देवास गौरव दिवस मना रहे है। देवास में विकास कार्य तेजी से हो रहे है। देवास जल्द ही नया इंदौर बनने वाला है। देवास प्रदेश का गौरव बनेगा।