भोपाल में जुड़वा नवजात चोरी हो गए। ये दावा उनकी मां का है। उसका कहना है कि वो दोनों बच्चों को रोड किनारे रखकर दूसरी तरफ टॉयलेट के लिए चली गई थी। लौटी तो बच्चे नहीं मिले। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो वह झूमने लगी। उसने खुद को भी पहचानने से इनकार कर दिया। परिवार का कहना था कि उसे देवी आती है
टीटी नगर इलाके से लापता हुए जुड़वा नवजात के शव आज 5वें दिन हबीबगंज इलाके में ज्ञानेश्वर मंदिर के पीछे मिले। कोलार गेस्ट हाउस के पास रहने वाली 27 साल की सपना धाकड़ ने 7 सितंबर को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। 23 सितंबर को बच्चे गुम हो गए थे।
पुलिस पूछताछ में पता चला था कि 23 सितंबर की तड़के 4.30 बजे सपना दोनों बच्चों को लेकर घर से निकली थी। महिला ने पुलिस को पहले बताया था कि उसे बैरसिया अपने मायके जाना था। वह माता मंदिर होकर पैदल चलकर रंगमहल चौराहे पहुंची। वहां से उसके बच्चे गायब हो गए। अब उसका कहना है कि पति ने ही बच्चों को मार डाला है। उसके पास बच्चों को पालने के लिए पैसे नहीं थे। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान को लेकर जांच करने की बात कह रही है। महिला ने पूछताछ में ये भी बताया है कि वह ही बच्चों को मैदान में फेंककर आई थी।
पुलिस का कहना है कि महिला के बयानों की जांच कर रहे हैं। बच्चों को मारा गया या वे भूख से मर गए, इसका पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
जानिए, क्या है पूरा मामला
सपना धाकड़ मूलतः बैरसिया की रहने वाली है। 2017 में उसकी शादी कोलार गेस्ट हाउस के पास रहने वाले बृजमोहन धाकड़ (28) से हुई थी। सपना ने (7 सितंबर) को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। शुक्रवार तड़के 4.30 बजे जब परिवार वाले सो रहे थे, तब वह दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई। उसे पुलिस को पहले बताया कि उसे बैरसिया अपने मायके जाना था। वह माता मंदिर होकर पैदल चलकर रंगमहल चौराहे पहुंची। वहां से उसके बच्चे गायब हो गए।
शुक्रवार सुबह जब महिला और बच्चे घर में नहीं दिखे तो पति ने फोन किया। पत्नी ने उसे कुछ भी बताने से मना कर दिया। जब महिला के पति ने पता किया तो वह रंगमहल पर मिली। पति ने बच्चों के बारे में पूछा तो बताया कि बच्चे चोरी हो गए हैं। इसके बाद दोनों पति-पत्नी ने टीटी नगर थाने में केस दर्ज कराया था।
बार-बार बयान बदल रही मां
बच्चों की मां ने पुलिस को बताया था कि वह रंगमहल चौक पैदल पहुंची थी। पुलिस ने जब CCTV चेक किए तो महिला सिटी बस से उतरते दिखी और उसके साथ बच्चे नहीं दिखे। पुलिस ने जब बस ड्राइवर और क्लीनर से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि महिला शुक्रवार सुबह 6.30 बजे सुभाष एक्सीलेंस स्कूल के पास से बस में बैठी थी। उसके पास बच्चे नहीं थे। पुलिस ने बस का CCTV चेक किया तो महिला अकेले बैठे दिखी। पुलिस ने इस आधार पर जब महिला से दोबारा पूछताछ की तो उसने बोला कि वह भूल गई बच्चे कहां गए। टीटी नगर टीआई चैन सिंह रघुवंशी ने बताया कि CCTV फुटेज में महिला कोलार गेस्ट हाउस चौराहे के पास दोनों बच्चों को लेकर जाती दिख रही है, लेकिन जब वह बस में बैठी तो अकेली थी
बस में चढ़ी, रंगमहल के पास उतरी
पुलिस ने रंगमहल के पास बने पब्लिक टॉयलेट में जांच की तो पता चला कि उसका ताला 7 बजे खुलता है। महिला यहां नहीं आई। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो कोलार गेस्ट हाउस के पास हाथ में कुछ पकड़े और छाता लिए कुछ दूर पैदल जाती हुई दिखाई दी। बस के रूट के हिसाब से अनुमान लगाया जा रहा है कि सपना बिट्टन मार्केट से बस में चढ़ी और रंगमहल के पास उतरी।
