Type Here to Get Search Results !

देवास युवा उत्सव में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया

 



देवास जिले में युवा उत्‍सव अंतर्गत चित्रकला, कविता पाठ, भाषण, मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं एवं युवा संवाद में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग


 ---------------


युवा उत्‍सव अंतर्गत मल्हार स्मृति मंदिर देवास में सांस्कृतिक उत्सव 01 अक्‍टूबर को


----------------


     देवास 30 सितम्बर 2022/ 2047 में जब हम अपनी आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएंगे तब हम देश की तस्वीर कैसी चाहते हैं? इस विषय पर प्रेस्टीज इंस्टिट्यूट आफ मैनेजमेंट देवास के सभागार में जिलेभर से आए युवाओं ने अपने विचार मुखरता से व्यक्त किए। एक-एक युवा जिस स्पष्टता के साथ अपने विचार रख रहा था उससे यह तो स्पष्ट है कि युवा न केवल जागरूक हैं बल्कि राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए कटिबद्ध भी हैं। युवा संवाद के 200 से अधिक प्रतिभागियों को श्री अजीत उपाध्याय ने मार्गदर्शन प्रदान किया। महारानी पुष्पमाला राजे कन्या महाविद्यालय के सभागार में काव्य पाठ प्रतियोगिता संपन्न हुई, जिसमें युवाओं ने उत्कृष्ट काव्य रचनाओं का पाठ किया। प्रकृति,वन्य जीवन एवं स्थानीय वास्तु कला पर केंद्रित चित्रकला प्रतियोगिता केपी कालेज परिसर में संपन्न हुई। भारत 2047 विषय पर केंद्रित भाषण प्रतियोगिता साइंस कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। युवाओं में मोबाइल फोटोग्राफी के बढ़ते चलन को देखते हुए मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी साइंस कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के श्री प्रमोद पलासिया, एनसीसी के श्री संजय बरोनिया, जीडीसी की सुश्री शर्मिला काटे, प्रेस्टीज की सुश्री काजल खेतवानी, केपी कॉलेज के श्री जितेंद्र राजपूत एवं नेहरू युवा केंद्र संगठन के अनिल जैन ने समन्वयक की भूमिका निभाई। देवासी युवा उत्सव 2022 में आयोजित प्रतियोगिताओं में 350 से अधिक युवाओं, छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।


     नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपनिदेशक श्री अरविंद श्रीधर ने बताया कि 01 अक्‍टूबर को प्रातः 10:30 बजे से मल्हार स्मृति मंदिर देवास में सांस्कृतिक उत्सव रखा गया है। जिसमें परंपरागत लोक नृत्यों पर केंद्रित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रत्येक विधा से चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही उन्हें राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा।