मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का एक सप्ताह में शत-प्रतिशत निराकरण करें – कलेक्टर श्री शुक्ला
------------
जिले में आयुष्मान कार्ड एवं पात्रता पर्ची बनाने के लिए 07 अक्टूबर को महा-अभियान चलाया जाए
-------------
एसडीएम अपने अनुभाग में शत-प्रतिशत आवेदनों का निराकरण करवाएं, विभागीय अधिकारियों की बैठक करें
----------------
देवास 30 सितम्बर 2022/ कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण एवं जिले में आयुष्मान कार्ड एवं पात्रता पर्ची बनाने के लिए 07 अक्टूबर को चलाये जाने वाले महा-अभियान की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कवचे, नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान,एसडीएम श्री प्रदीप सोनी, आईएएस (ट्रेनी) श्री टी. प्रतीक राव, सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण करें। कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहे। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत जिले में आयोजित शिविरों में 36 हजार 984 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनमें से 07 हजार से अधिक आवेदन अभी तक निराकृत हो गए हैं। जिले में आवेदनों का निराकरण प्रतिशत कम है। अभियान चलाए और अधिक से अधिक आवेदनों को निराकृत करें। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण एक सप्ताह में करें।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में विकासखंड स्तर पर संबंधित अनुभाग के एसडीएम नोडल अधिकारी है। सभी एसडीएम अपने अनुभाग में शत-प्रतिशत आवेदनों का निराकरण करवाएं। लंबित आवेदन प्रदेश स्तर पर दिखेंगे। सभी एसडीएम विभागीय अधिकारियों की बैठक करें। आवेदनों की एंट्री पोर्टल पर करें।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों में सबसे ज्यादा आवेदन आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्राप्त हुए। शत-प्रतिशत आवेदनों का निराकरण कर आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। जिले में अभी भी तीन लाख आयुष्मान कार्ड बनाने बाकी है। जिनका आयुष्मान कार्ड बनना बाकी है उनकी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। जिले में आयुष्मान कार्ड एवं पात्रता पर्ची बनाने के लिए 07 अक्टूबर को महा-अभियान चलाया जाए। महा-अभियान में 50 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड एवं 20 हजार से अधिक पात्रता पर्ची बनाई जाये। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए। सभी एसडीएम और विकासखंड स्तरीय अधिकारी अभियान के संबंध में तैयारी प्रारंभ कर दें। जिले में 31 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाये जाये। नामांकन, बटवारा, सीमांकन, नक्शा शुद्धिकरण, पीएम/सीएम किसान योजना में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करें।

