Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने पूछा- भविष्य में कलेक्टर कौन-कौन बनेगा?, बालिकाओं ने उत्साह से हाथ उठाकर कहा- हम; मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित

 कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शासकीय बालिका छात्रावास करनावद का किया निरीक्षण: बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन किया और परखी गुणवत्ता


कलेक्टर ने पूछा- भविष्य में कलेक्टर कौन-कौन बनेगा?, बालिकाओं ने उत्साह से हाथ उठाकर कहा- हम; मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित


जिला शिक्षा अधिकारी को 3 दिन में ऊनी ट्रैक-सूट, कैप, सॉक्स, जूते की व्यवस्था करने के दिए निर्देश






पुराने भवन की स्थिति को देखते हुए अस्थायी रूप से उपयुक्त शासकीय भवन तलाशने और नए स्वीकृत भवन के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के दिए निर्देश


कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शुक्रवार को शासकीय बालिका छात्रावास करनावद का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रावास के शयनकक्षों, अध्ययन कक्ष, रसोईघर एवं परिसर का बारीकी से अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्रीमती मीना ने बालिकाओं से संवाद कर पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, नाश्ते तथा भोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में सीधे फीडबैक लिया। संवाद के दौरान जब कलेक्टर ने छात्राओं से पूछा कि कौन-कौन छात्राएं बड़ी होकर कलेक्टर बनना चाहती हैं? इसपर छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ हाथ उठाकर जवाब देते हुए कहा- हम। छात्राओं के इस संकल्प की सराहना करते हुए कलेक्टर श्रीमती मीना ने उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अनुशासन और एकाग्रता के साथ मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।


भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता की जांच करने के लिए कलेक्टर स्वयं रसोईघर पहुंचीं और छात्राओं के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन ग्रहण किया और छात्रावास प्रबंधन को ताजा, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे छात्रावास परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी निर्देशित किया।


शीत ऋतु के दृष्टिगत बालिकाओं की सेहत का विशेष ध्यान रखते हुए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने छात्राओं से ऊनी वस्त्रों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल निर्देशित किया कि 3 दिन में सभी बालिकाओं को तत्काल अतिरिक्त ऊनी कपड़े एवं ट्रैक-सूट, मोजे, जूते और कैप उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।


निरीक्षण के दौरान सामने आया कि करनावद बालिका छात्रावास का नवीन भवन स्वीकृत हो चुका है। इस पर कलेक्टर ने नए छात्रावास भवन हेतु भूमि आवंटन की स्थिति की समीक्षा की तथा जिला शिक्षा अधिकारी को भूमि आवंटन से संबंधित आवेदन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं वर्तमान छात्रावास भवन की पुरानी स्थिति को देखते हुए उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि नवीन भवन का निर्माण पूर्ण होने तक बालिकाओं के लिए किसी अन्य उपयुक्त शासकीय भवन की तलाश की जाए, ताकि छात्राओं को वहां अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जा सके। कलेक्टर श्रीमती मीना ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बालिकाओं की सुविधाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।