कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र अरनिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली
केंद्र पर प्रसव की सम्भावित तिथि (EDD) की सूची चस्पा करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र अरनिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की जानकारी प्राप्त की तथा केंद्र में पदस्थ चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी, महिला वार्ड, टीकाकरण कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का अवलोकन किया और संबंधित चिकित्सक से केंद्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने स्टोर रूम का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाइयों एवं उनके स्टॉक की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की संभावित प्रसव तिथि (EDD) की सूची केंद्र पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं की समय पर निगरानी की जा सके तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें। कलेक्टर श्रीमती मीना ने स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

