Type Here to Get Search Results !

नगर निगम का स्वच्छता में परचम - देश में प्रथम स्थान पर देवास

 नगर निगम का स्वच्छता में परचम - देश में प्रथम स्थान पर देवास



देवास। स्वच्छता के क्षेत्र में देवास नगर निगम ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वर्ग में देवास शहर ने देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देवास को 11 नवम्बर को दिल्ली में राष्ट्रपति महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। इसी उपलक्ष्य में नगर निगम देवास द्वारा स्थानीय मंडी धर्मशाला में एक गरिमामय दीपावली मिलन एवं स्वच्छता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता में देवास को नम्बर-1 बनाने वाले नगर निगम के सफाई मित्रों एवं इस अभियान में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने वाले रहवासी संघों, सहयोगी संस्थाओं - संस्था फीडबैक फाउंडेशन, ओम सांई विजन, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडरों तथा निगम अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति रवि जैन, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, निगम आयुक्त दलीप कुमार, नेता सत्ता पक्ष मनीष सेन, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेन्द्रसिंह बैस, लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल सहित पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

 विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने कहा कि मैं देवास की समस्त जनता, हमारे सफाई मित्रों, नगर निगम के पूरे परिवार और सहयोगी संस्थाओं को हृदय से बधाई देती हूँ। देवास का देश में प्रथम आना यह साबित करता है कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और जनता एक साथ मिलकर काम करते हैं तो असंभव भी संभव हो जाता है। यह सम्मान हर देवासवासी का सम्मान है।

 महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि यह जीत मेरे अकेले की नहीं, यह 3 लाख देवासवासियों की जीत है। हमारे सफाई मित्रों ने सुबह 5 बजे से रात तक मेहनत की है, महिलाओं ने घर में कचरे को अलग-अलग किया है, रहवासी संघों ने सहयोग किया है। राष्ट्रपति महोदया के हाथों मिला यह सम्मान हम सबके परिश्रम का फल है। मैं सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देती हूँ।

 सभापति रवि जैन ने कहा कि नगर निगम परिषद ने स्वच्छता को हमेशा प्राथमिकता दी है। आज उसी का परिणाम है कि देवास देश में अव्वल नम्बर आया है। मैं परिषद की ओर से सभी सफाई मित्रों, अधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करता हूँ।

 जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि देवास नगर निगम की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। स्वच्छता सर्वेक्षण के सभी मापदंडों - डोर-टू-डोर कलेक्शन, कचरा पृथक्कीरण, वैज्ञानिक निस्तारण में देवास ने उत्कृष्ट कार्य किया है। जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम परिवार को बहुत-बहुत बधाई।

विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि हमने टीम बनाकर स्कुलों के बच्चों से आग्रह किया कि अपने माता पिता एवं आसपास के क्षेत्र के रहवासियों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने हेतु उन्हें प्रेरित करें तथा व्यापारी बंधुओं के साथ हमने बैठकें कर स्वच्छता मे अपना अहम योगदान देने की अपील की गई जिसका परिणाम हे हम 3 लाख की जनसंख्या मे दूसरी बार देश में प्रथम आये हैं।

 नेता सत्ता पक्ष मनीष सेन, स्वास्थ्य समिती अध्यक्ष धर्मेन्द्रसिंह बैस ने संयुक्त रूप से कहा कि यह सम्मान हमारे सफाई मित्रों के पसीने का सम्मान है। दिन-रात शहर को साफ रखने वाले हाथों को आज हमने सम्मानित किया है। हमारा संकल्प है कि देवास को हम स्वच्छता में स्थायी रूप से नंबर-1 बनाए रखेंगे।

  आयुक्त दलीप कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार टीम देवास की मेहनत का परिणाम है।  महापौर, सभापति, पार्षदगणों के मार्गदर्शन एवं वार्डवासियों, रहवासी संघों व अ शासकीय स्कुल संस्थाओं के सहयोग से हमने सोर्स सेग्रीगेशन, शिकायत निवारण, थ्रीकृआर सेंटर और सफाई मित्रों की सुरक्षा पर फोकस किया। इस सफलता को बनाए रखने के लिए हम निरंतर कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मुस्तुफा अंसार एहमद, पार्षद राहूल दायमा, भूपेश ठाकुर, सोनू परमार, रितु सवनेर, महेश फुलेरी, एल्डरमेन हरिश देवलिया, सचिन सोनी, पार्षद प्रतिनिधि अजय पडियार, निलेश वर्मा, नितीन आहूजा, गोपाल खत्री, ब्रांड ऐम्बेस्डर, महेश सोनी, सैयद मकसूद अली, राष्ट्रीय कवि शशिकांत यादव, निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, जाकिर जाफरी, आरती खेडेकर, उपायुक्त वित्त दीपक पटेल निगम स्वास्थ्य सौरभ त्रिपाठी, जगदीश सेन, जितेन्द्र सिसोदिया, दिनेश चौहान, कार्यालय अधिक्षक रणजीतसिंह पंजाबी, विश्वजीतसिंह,विशाल जोशी, अरूण तोमर, राकेश बंजारे, राजेश गोसर, शंकर सांगते, विकास सांगते सहित सैकडों सफाई मित्र उपस्थित रहे।