इकाइयों के पंजीयन के लिए माटीशिल्पी एवं कारीगर 31 दिसंबर तक करें आवेदन
पंजीकृत इकाइयों को माटीकला बोर्ड की योजनाओं एवं सुविधाओं का मिलेगा लाभ
मध्यप्रदेश माटीकला बोर्ड, भोपाल के निर्देशानुसार देवास जिले में कार्यरत माटीशिल्पियों एवं कारीगरों की इकाइयों का पंजीयन किया जाना है। इसके लिए जिले के पात्र माटीशिल्पियों एवं कारीगरों से निर्धारित आवेदन प्रारूप में आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेजों सहित आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिले में मिट्टी से निर्मित वस्तुओं का निर्माण कार्य करने वाले समस्त पात्र माटीशिल्पी एवं कारीगर अपनी इकाइयों के पंजीयन हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ इकाई का नाम एवं पता, आवेदक की जानकारी, आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक खाते का विवरण तथा माटीशिल्प से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा तथा नियमानुसार निरीक्षण के उपरांत पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। पंजीकृत माटीशिल्पियों एवं कारीगरों को बोर्ड के नियमों के अनुसार उपलब्ध योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पात्र माटीशिल्पी एवं कारीगर अपने आवेदन कार्यालय कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग, जिला पंचायत देवास (म.प्र.) में 31 दिसंबर तक कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए श्री प्रवीण चौहान, सहायक ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी (7999539885) से संपर्क किया जा सकता है। जिले के समस्त पात्र माटीशिल्पियों एवं कारीगरों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि के पूर्व अपना आवेदन संबंधित कार्यालय में जमा कराकर अपनी इकाई के पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण कराएं।