गणेशोत्सव में भक्ति और सामाजिक समर्पण का संगम
कांग्रेस नेताओं ने की कृपालु के बप्पा की आरती, प्रसादी वितरण कर संस्था को दी शुभकामनाएं
देवास। संस्था कृपालु परिवार द्वारा चामुंडा कॉम्प्लेक्स में आयोजित 10 दिवसीय गणेशोत्सव का छठवां दिन कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति से और भी खास बन गया। इस दिन कांग्रेस परिवार के कई वरिष्ठ नेताओं ने बप्पा की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भोजन प्रसादी वितरण में सहभागिता निभाई।
आरती में कांग्रेस के नवागत जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम, पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर, पूर्व महापौर रेखा वर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष मनोज राजानी, वरिष्ठ नेता भगवान सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने कृपालु के बप्पा की आरती उतारी और धार्मिक माहौल में शामिल होकर आयोजन की सराहना की। वही कृपालु परिवार व सुमेर सिंह दरबार द्वारा सभी का स्वागत सत्कार करते हुए दुपट्टे ओढ़कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं के साथ ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल भी कृपालु के बप्पा के पांडाल में पहुंचे और श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी परोसी। सोमवार को आयोजित इस भव्य भंडारे में दाल-बाटी, चावल, पापड़ और चटनी का प्रसाद भक्तों को परोसा गया। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने इसे ग्रहण कर आत्मिक संतोष प्राप्त किया। भक्तों ने कहा कि “ऐसे पवित्र अवसर पर बप्पा की प्रसादी का लाभ मिलना हमारे जीवन को धन्य कर गया।”
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी ने संस्था कृपालु परिवार को बधाई देते हुए कहा कि “देवास शहर में इस तरह के विशाल और भव्य धार्मिक आयोजन पहली बार देखने को मिले हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिकता को बढ़ावा देता है, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने का भी कार्य करता है।”
शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम ने भी कहा कि “धार्मिक उत्सवों के माध्यम से सामाजिक एकता, भक्ति और भाईचारे का संदेश प्रसारित होता है। कृपालु परिवार का यह आयोजन निश्चित ही अनुकरणीय है।”
पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर ने संस्था संयोजक सुमेरसिंह दरबार और उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “कृपालु के बप्पा का आशीर्वाद सदैव संस्था और समाज पर बना रहे। आने वाले समय में यह आयोजन और भी अधिक भव्यता और जनभागीदारी के साथ हो, यही हमारी शुभकामना है।”
गौरतलब है कि संस्था कृपालु परिवार द्वारा आयोजित इस गणेशोत्सव में प्रतिदिन भक्ति, भजन-कीर्तन और भोजन प्रसादी का आयोजन हो रहा है। हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक समर्पण और सेवा भाव का भी जीवंत उदाहरण बन गया है।




