Type Here to Get Search Results !

असाक्षर साथियों को साक्षर बनाकर देश का भविष्य संवारे- श्री धनराजू एस

 असाक्षर साथियों को साक्षर बनाकर देश का भविष्य संवारे- श्री धनराजू एस 


-----------

      देवास 03 सितंबर 2023/  शिक्षित समाज व राष्ट्र के निर्माण के लिए असाक्षर साथियों को साक्षर बनाकर देश का भविष्य संवारने का कार्य नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत किया जा रहा हैं। साक्षर व शिक्षित समाज से ही उन्नत राष्ट्र  व उन्नत समाज का निर्माण हो सकता हैं।  इसलिए इस कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने की आवश्यकता हैं।उक्त विचार मुख्य अतिथि के रूप में राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक श्री धनराजू जी एस ने अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस अन्तर्गत साक्षरता सप्ताह  में देवास विकासखण्ड में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय  साक्षरता संबंधी कार्यक्रम में व्यक्त किए ।

          कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य साक्षरता प्रभारी डॉ राकेश दुबे ने साक्षरता के साथ अक्षर पोथी पुस्तक के निर्माण में देवास में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-3, भोपाल चौराहे के पास से साक्षरता का संदेश देते हुए ,साक्षरता रथ सह वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसका समापन बीआरसी कार्यालय परिसर में हुआ। अतिथियों ने बीआरसी हाल में अक्षर साथी व शिक्षार्थी असाक्षर साथियों द्वारा अक्षर पोथी के पाठ आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदर्शनी में रूचि के साथ अक्षर साथी व शिक्षार्थियों से विस्तृत चर्चा की। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि श्री धनराजू एस, विशिष्ट अतिथि डॉ राकेश दुबे के साथ डीपीसी प्रदीप कुमार जैन, जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी डॉ राजेंद्र सक्सेना एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अजय सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

       कार्यक्रम में सरस्वती पूजन के साथ सरस्वती वंदना कन्या मावि चिमनाबाई की छात्राओं ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम में शिक्षक मानसिंह भोंदिया व साथियों ने मालवी साक्षरता गीत की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में  साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 से अधिक अक्षर साथियों ,नोडल अधिकारी, साक्षरता संकुल समन्वयकों  एवं असाक्षर शिक्षार्थियों के सम्मान  के साथ दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित साक्षरता प्रर्दशनी में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले सहसमन्वयक गिरधर त्रिवेदी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन साक्षरता सहसमन्वयक गिरधर त्रिवेदी एवं जनशिक्षक सहज सरकार ने किया। आभार बीआरसी किशोर वर्मा ने माना।