‘’प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना’’ के क्रियान्वन के संबंध में कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
------------
देवास, 15 सितम्बर 2023/ प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वन के संबंध में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में गत दिवस आयोजित हुई। कलेक्टर श्री गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वन के संबंध में निर्देश दिये। बैठक में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र देवास, लीड बैंक मैनेजर, प्राचार्य आई.टी.आई., प्राचार्य पॉलिटेक्निक, कॉमन सर्विस सेंटर संचालक, जिला ग्राम उद्योग अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि ‘’प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना’’ का शुभारम्भ 17 सितम्बर को किया जायेगा। इस योजना के अंतर्गत 18 ट्रेड जिसमें बढ़ई, नाव बनाने वाले, अस्त्रकार, लोहार, हथौड़ा और टूल किट निर्माता, ताला बनाने वाले, सोनार, कुम्हार, मूर्तिकार, चर्मकार, राज मिस्त्री, नाई, मालाकार, धोबी, दर्जी, पारंपरिक गुड़िया और खिलौना निर्माता, मछली पकड़ने का जाल निर्माता का कार्य करने वाले कारीगरों को आधुनिक औज़ार प्रदान कर ट्रेनिंग एवं क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए योग्यता न्यूनतम आयु18 वर्ष, लाभार्थियों को पिछले 05 वर्षों में भारत सरकार या राज्य सरकार की किसी भी ऋण सहायता की योजना का पात्र नहीं होना चाहिए। योजना द्वारा लाभ परिवार के एक सदस्य तक ही सीमित रहेगा। सरकारी सेवा में कार्यरत व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्य पात्र नहीं होंगे।
