कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
--------------
सभी एसडीएम समय-समय पर छात्रावासों, आंगनवाड़ियों केन्द्रों एवं स्कूलों निर्माण कार्य का निरीक्षण करें – कलेक्टर श्री गुप्ता
---------------
एनआरसी में भर्ती बच्चों की जानकारी ली, दस्तक अभियान के संबंध में दिये निर्देश
-------------
देवास 14 अगस्त 2023/ समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम देवास श्री टी. प्रतीक राव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रियंका मिमरोट, संयुक्त कलेक्टर श्री बिहारीसिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिया चंद्रावत सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।
जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग देवास श्री विवेक नागवंशी को छात्रावासों में मरम्मत कार्यो में की गई अनिमियतता पर आयुक्त उज्जैन संभाग डॉ संजय गोयल द्वारा निलम्बित किये जाने पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने समय-सीमा बैठक से बाहर जाने के लिए कहा। कलेक्टर श्री गुप्ता ने विद्यालयों में मरम्मत कार्य सही नहीं करने पर उपयंत्री सर्वाशिक्षा अभियान श्री योगेश रोजस्कर की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये। मण्डी में दुकानों का किराया नये सिरे से निर्धारण नहीं करने पर शिवानंद दुबे को शोकाज नोटिस जारी करने एवं दो दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिये।
एसडीएम समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण करें
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सभी एसडीएम समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण करें। छात्रावासों में चल रहे निर्माण कार्यो में गुणवत्ता का ध्यान रखे। एसडीएम पीआईयू द्वारा निर्माण किये हुए भवनों की गुणवत्ता की जांच करें। सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में जहां आंगनवाड़ियों एवं स्कूलों का निर्माण हो रहा है, उनका अवलोकन करें।
दस्तक अभियान के संबंध में दिये निर्देश
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएमएचओ से जिले की एनआरसी में भर्ती बच्चों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में दस्तक अभियान 31 अगस्त तक चलाया जा रहा है। दस्तक अभियान में छूटे हुए बच्चों को टीका लगाये और दवाई पिलाये।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि टीएल प्रकरणों निराकरण शीघ्र करें। समाधान ऑनलाइन शिकायतों पर कार्यवाही कर समय-सीमा में निराकरण करें। जिले की मण्डियों की दुकानों का नये सिरे किरायों का निर्धारण करें।
सीएम हेल्पलाइन की प्रगति रैंक कम पाए जाने पर जताई नाराजगी
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि सीएम हेल्पलाइन को विभागों द्वारा ध्यान देकर उनका निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे रैंक कम होती जा रही है। इस पर कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि 100 दिवस से अधिक एक भी शिकायत लम्बित नहीं रहना चाहिए। शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को अगले लेवल में न जाने दें, पहली प्राथमिकता रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें।
“मेरा स्कूल स्मार्ट स्कूल” की समीक्षा की
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने “मेरा स्कूल स्मार्ट स्कूल” की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्कूलों में टीवी लग गए हैं, वहां पूरा सेटअप लगाकर बच्चों को पढ़ाई शुरू करें। स्कूलों में अच्छे पढ़ाई के कंटेन भी भिजवाना सुनिश्चित करें।
राशन दुकानदार खाद्यान्न के साथ पर्ची भी दें
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में निरीक्षण के दौरान बताया गया कि खाद्यान्न वितरण केंद्रों पर कुछ ग्रामों में अगस्त माह का राशन अभी तक वितरण नहीं किया गया है। जिले में हितग्राहियों को राशन वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सेल्समेन द्वारा खाद्यान्न वितरण के दौरान पर्ची नहीं दी जा रही है। जिले के सभी सेल्समेनों से सुनिश्चित कराएं कि वे हितग्राहियों को खाद्यान्न के साथ संबंधी माह की पर्ची दें। अगर कोई सेल्समेन खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करता है उस पर कार्रवाई करें।
माताजी की टेकरी पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने माताजी की टेकरी पर किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि विगत दिवस टेकरी कार्यालय पर आयोजित बैठक में जो कार्य बताए गए थे, उन कार्यों का समय सीमा में करें। उन्होंने जिले के मंदिरों की जानकारी ली तथा पुजारियों के मानदेय के लिए चयनित पुजारियों के लॉगइन कोड बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
विद्युत विभाग लंबित शिकायतों का करें निराकरण
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने मप्र विद्युत वितरण कंपनी की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि विद्युत विभाग की लगातार शिकायतें आ रही है। संबंधित अधिकारी अपनी शिकायतों को निराकरण करें।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में दिए निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने साथ ही पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह की सभी तैयारियों पूर्ण हो गई है, यदि कोई कमी हो तो आज शाम तक पूर्ण कर लें।
मतदाता सूची में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में गति लाएं
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में फोटो नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की गति में तेजी लाएं। इसके लिए विशेष कैंप लगाए तथा बीएलओ घर-घर जाकर भी संपर्क कर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य करें।

