Type Here to Get Search Results !

सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित

 सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित





------------


      देवास 04 अगस्त 2023/ राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत देशभर में 07 अगस्त से मिशन इंद्रधनुष 5.0 की शुरुआत होगी। अभियान के विषय में विस्तृत जानकारी देने तथा मीडिया संवेदीकरण शुक्रवार को जनरल नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र देवास में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गयी। कार्यशाला मे सीएमएचओ डॉ विष्णूलता उईके, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनिल तिवारी, शहरी नोडल अधिकारी डॉ. एम.एस गोसर, डब्ल्यूएचओ से डॉ अभिषेक बछोतिया, जिला मीडिया अधिकारी कमलसिंह डावर, सुखदेव रावत, आशुतोष मेहता, संजय नागर में देवास के प्रिन्ट/इलेक्ट्रॉनिक/सोशल मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।


        कार्यशाला में डॉ. तिवारी ने बताया कि देशभर में 07 अगस्त से मिशन इंद्रधनुष 5.0 की शुरुआत होगी। अभियान तीन चरणों में आयाजित होगा। पहला चरण 07 से 12 अगस्त, दूसरा चरण 11 से 16 सितम्बर तथा तीसरा चरण 09 से 14 अक्टूबर तक आयोजित होगा। अभियान में गर्भवती माताओं और 5 साल तक के बच्चों का टीकाकरण होगा। इस बार मिशन इंद्रधनुष की सबसे खास बात ये रहेगी कि टीकाकरण यूवीन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। पहली बार ये डिजिटल प्लेटफार्म पर होगा। माताओं को पहली बार गर्भवती होने पर टीडी के दो डोज और दूसरी या अधिक बार गर्भवती होने पर बूस्टर डोज लगेगा। बच्चों के जन्म पर ओपीवी,बीसीजी और हेपेटाइटिस बी का टीका लगता है। इसके बाद 5 अन्य तरह के टीके इसमें कवर किए जाएंगे। तीन महीने तक हर महीने 6-6 दिन मिशन इंद्रधनुष चलेगा। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है, सर्वे कार्य किया जा रहा निर्धारित माईक्राप्लान के अनुसार अभियान का क्रियान्वयन किया जावेगा।


     डब्ल्यूएचओ से डॉ अभिषेक बछोतिया ने बताया कि यूवीन पोर्टल को नियमित टीकाकरण के लिए तैयार किया गया है।यूवीन पोर्टल में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ये पता किया जा सकेगा कि बच्चे को कौन से टीके लगे हैं और अब कौन सा लगना है। सर्टिफिकेट भी डाउनलोड कर सकेंगे। कोई भी टीका देश के किसी भी कोने में लगा सकेंगे। मोबाइल नंबर के आधार पर केंद्र वाले भी टीकाकरण की जानकारी देख सकेंगे। देश में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कोविड टीकाकरण हुआ था। कोवीन पोर्टल से चला टीकाकरण कार्यक्रम काफी सफल रहा। इसमें ये सुविधा थी कि देश में कहीं भी टीका लगवा सकते थे। इसके बाद सरकार ने तय किया कि गर्भवती माताओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण भी इसी तरीके से किया जाएगा।


       सीएमएचओ डॉ विष्णुलता उईके ने कहा कि शासन द्वारा चलाये जा रहे अभियान को सफल बनाने मे मीडिया की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य गतिविधियों, योजनाओं और टीकाकरण के महत्व को जनता तक पहुचाने मे जागरूक करने मे इलेक्ट्रॉनिक और प्रिन्ट मीडिया के साथ ही वर्तमान में सोशल मीडिया भी अहम भूमिका निभा रहा है। एक सकारात्मक वातावरण निर्माण में कार्य कर रहा है आप सभी के सहयोग से अभियान को सफल बनाया जावेगा। संचालन जिल मीडिया अधिकारी कमलसिंह डावर ने किया और आभार डॉ.सुनिल तिवारी ने माना।