विधानसभा निर्वाचन-2023
हमने मिलकर ठाना देवास जिले में शत-प्रतिशत मतदान कराना है
--------
फोटो निर्वाचक नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का कार्य जारी
------
अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का किया जा रहा है पुनरीक्षण कार्य
----------
सेक्टर अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची का किया जा रहा है वाचन
05, 06, 26 एवं 27 अगस्त को बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे संपर्क
--------
देवास 04 अगस्त 2023/ जिले में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में फोटो निर्वाचक नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके तहत मतदान केंद्रों पर बीएलओ, आंगनवाड़ियों कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मतदाता सूची का द्वितीय पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा है। साथ ही सेक्टर अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा मतदाता सूची में नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाईयां की जा रही है।
जिले की पांचों विधानसभाओं में मतदाता जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले की विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों के साथ भीड़- भाड़ वाले क्षेत्रों, हाट-बाज़ार, स्कूल एवं कॉलेज आदि में जाकर मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। सभी जागरूकता वाहनों पर एलईडी वॉल लगाई गई है, जिस पर मतदाता जागरूकता संबंधी अनेक फिल्मों का प्रदर्शन मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी के साथ जागरूकता वाहनों पर ईवीएम एवं वीवीपेट का भी प्रदर्शन कर मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया सुलभ रूप से दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार व मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र के जारी निर्धारित कार्यक्रम अनुसार इसके तहत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 02 अगस्त 2023 से प्रारंभ हुआ। जिसमें दावे आपत्ति 02 अगस्त से 31 अगस्त तक प्राप्त किए जाएंगे। इसके लिए विशेष कैंप दिनांक 12,13, 19, 20 अगस्त को लगाए जाएंगे। साथ ही दिनांक 05, 06, 26 एवं 27 अगस्त को बीएलओ घर-घर जाएंगे तथा मतदाता सूची के अपडेशन के लिए संपर्क करेंगे। उन्होंने बताया कि दावे आपत्तियों का निराकरण 22 सितंबर 2023 को किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 अक्टूबर 2023 को किया जाएगा।

