देवास जिले में आयुष विभाग ने लगाई ‘’आयुष चौपाल’’ डाक्टरो ने बताए सेहत के मंत्र
------------
देवास 07 जुलाई 2023/ आयुष विभाग देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र और खासकर आदिवासी क्षेत्र में नवाचार प्रारंभ किया है। इसमे आरोग्य केन्द्र या औषधालय के डाक्टर खुद पंहुचकर आयुष चौपाल लगाते है। लोगो को एक जगह इकट्ठा कर उन्हे सेहतमंद जीवन के लिए परंपरागत पद्धतियो के फायदे गिनाते हुए, उन्हे ऋतुचर्या तथा आहारचर्या की समुचित जानकारी दी जाती है। इस संबंध में पर्चे भी वितरीत किए जाते है, जिनमें बताया गया है कि किस ऋतु मे खान-पान और आहार-विहार कैसा होना चाहिए।
आयुर्वेद औषधालय देवगढ द्वारा आयुष चौपाल का आयोजन किया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ नीरज गुप्ता ने ग्रामीणो को मौसमी बीमारियों से बचाव, परांपरागत खान-पान, साफ-सफाई तथा पेड-पौधो के औषधीय गुणों की विस्तार से जानकारी दी। बारिश मे होने वाले सर्दी-जुकाम, खांसी, त्वचा रोग, बुखार आदि के लिए सांवधानियां बरतने के साथ नीम, ग्वारपाठा, गिलोय, आदि का उपयोग करने, जल भराव नहीं होने देने तथा स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गई। निःशुल्क रोग प्रतिरोधी औषधियां प्रदान की तथा ऋतुचर्या और आहारचर्या के पर्चो का वितरण किया।

