कृषि विज्ञान केन्द्र देवास में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के संबंध में जिलास्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
------------
कार्यशाला में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की विस्तृत जानकारी देकर आवेदन की प्रक्रिया विस्तार से बताई
------------
देवास 07 जुलाई 2023/ प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के संबंध में कृषि विज्ञान केन्द्र देवास में जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर कृषक/उद्यमियों में जागरूकता लाने, योजना में प्राप्त आवेदनों को बैंक में प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत कार्यरत जिला रिसोर्स पर्सन श्री रितेष शर्मा एवं श्री सतीष मालवीय द्वारा योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन की पूर्ण प्रक्रिया विस्तार से बताई गई। श्री महेन्द्र गुर्जर द्वारा ओडीओपी एवं नॉन ओडीओपी उत्पाद एवं संबंधित मशीनरी की जानकारी तथा कृषि इन्फ्राफण्ड के समायोजन की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में श्री निशिथ गुप्ता उद्यानिकी वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, देवास द्वारा वर्तमान समय में खाद्य प्रसंस्करण की उपयोगिता एवं जिलें की प्रमुख उद्यानिकी फसलों का प्रसंस्करण आधारित परिदृष्य पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला में उपसंचालक उद्यान श्री पंकज कुमार शर्मा ने उपस्थित सभी का आभार प्रकट किया गया।
जिलास्तरीय कार्यशाला कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री ए.के.बडाया, एनआरएलएम समन्वयक श्री पंकज ठाकुर, एचडीएफसी बैंक शाखा प्रबंधक श्री विजय बिलावलिया, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, स्थानीय पार्षद एवं जिले के कृषक/उद्यमी उपस्थित थे।
