मुख्यमंत्री श्री चौहान खातेगांव में हंडिया माइक्रो उदवहन सिंचाई परियोजना का भूमि पूजन एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का करेंगे वितरण
-----------
कलेक्टर श्री गुप्ता एवं एसपी श्री उपाध्याय ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का लिया जायजा
------------------
देवास 30 जुलाई 2023/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 31 जुलाई को देवास जिले के खातेगांव में विकास पर्व के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान खातेगांव में 1294.27 करोड़ की हंडिया माइक्रो उदवहन सिंचाई परियोजना का भूमि पूजन एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता एवं एसपी श्री संपत उपाध्याय ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा भी उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, आगमन, निर्गम, बेरिकेटिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया।
एसपी श्री उपाध्याय ने कार्यक्रम स्थल पर यातायात, पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति, एसडीएम देवास श्री टी प्रतिक राव, एसडीएम बागली श्री शोभाराम सोलंकी, एसडीएम कन्नौद श्री अभिषेक सिंह, एसडीएम खातेगांव श्री प्रवीण प्रजापित, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



