सी एम राइज स्कूल में प्रवेशोत्सव पर शिक्षकों ने प्रस्तुत की प्रेरणादायक लघुनाटिका
------------
देवास 20 जून 2023/ लगातार अपने नवाचारों एवं उपलब्धियों के साथ शहर में तेजी से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले सीएम राइज शासकीय मॉडल उ.मा.वि. देवास में नवीन सत्र 2023-24 का शुभारम्भ विद्यालय में विद्यार्थियों के भव्य एवं गरिमामयी प्रवेशोत्सव के साथ हुआ। शासन की महत्वपूर्ण महत्वाकांक्षी सीएम राइज योजना की अवधारणा के अनुसार पहले से ही प्रिंट समृद्ध विद्यालय को विद्यार्थियों के स्वागत के लिए तैयार किया गया। वंदनवार सजाए गए, रंगोली बनाई गई, स्वागत द्वार तथा स्वागत पथ बनाया गया। इसके पश्चात विद्यालय में प्रवेश करने वाले सभी विद्यार्थियों का ढोल ताशे के साथ पुष्प वर्षा कर के एवं तिलक लगा का प्रवेश कराया गया। प्रवेश द्वार पर प्रथम दिवस विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों से वेलकम साइनबोर्ड हस्ताक्षर करवाए गए। विद्यालय प्रांगण में झंडावंदन के पश्चात कार्यक्रम की शुरूआत की गई ।
प्रवेशोत्सव की विशेषता यह रही कि विद्यालय को बच्चों के स्वागत के लिए सजाने के साथ ही सी एम विद्यालय के शिक्षकों ने प्रतिदिन विद्यालय में विद्यार्थियों के द्वारा की जाने वाली प्रार्थना सभा/असेम्बली प्रस्तुत की, जिसमें श्रीमती दीक्षा माहेश्वरी के संगीत निर्देशन में सरस्वती वन्दना, ईशप्रार्थना, प्रेरणागीत, राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया तथा तथा आज का पंचांग, सुविचार, आज के समाचार, जन्मदिवस, प्रतिज्ञा आदि की प्रस्तुति भी दी गई। शिक्षकों के ही द्वारा तैयार एक लघु नाटिका का प्रदर्शन आज के आयोजन में आकर्षण का केन्द्र रहा। इस लघु नटिका के द्वारा बच्चों के शिक्षा तथा स्कूल जाने का महत्व समझाया गया, साथ ही सी एम राइज विद्यालय में विद्यार्थियों के कौशल विकास हेतु संचालित होने वाली गतिविधियों जैसे विषय अध्यापन के साथ कम्प्यूटर, क्राफ्ट, गायन, वादन, नृत्य, आदि की जानकारी दी गई। योगाभ्यास करवाया गया तथा विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित की गई। तत्पश्चात संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा बैड का आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
इस दौरान विद्यालय प्राचार्य देवेन्द्र बंसल ने कहा कि एक आदर्श नागरिक बनने के लिए शिक्षा के साथ अनुशासन, नियमितता, सहयोग नैतिक एवं सामाजिक गुणों तथा कौशल विकास आवश्यक है और सी एम राइज विद्यालय परिवार इन सभी आवश्यकताओं पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य द्वारा विद्यालय में नवनियुक्त शिक्षकों का परिचय विद्यार्थियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित शाला विकास समिति के सदस्यों से करवाया गया ।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक डॉ फैज अहमद जिलानी एवं श्री प्रांजल रंजन अवस्थी के मार्गदर्शन में श्री योगेश राठौर, श्रीमती नेहा सिंह, श्री विकास मोहने श्रीमती किरण कोचले, श्रीमती माया चौहान श्री दीपेश अजमेरा, श्री रविशंकर गौतम, श्रीमती रेखा दुबे, श्रीमती स्मृति शर्मा, श्रीमती दीक्षा दुबे, श्रीमती मिथिलेश पाल, श्रीमती शिरोमणि पाटीदार, श्रीमती निशा नागर, श्रीमती अनिता बागोरा, श्री अनिल आर्य, श्री अतुल कुमार शर्मा द्वारा मंच पर प्रार्थना सभा एवं लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर श्री रविन्द्र नरवरे, सुश्री सुनीता शर्मा श्री योगेन्द्र वर्मा, श्री प्रदीप कुमार भाटी श्री अंकित चैहान एवं समस्त स्टॉफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक एवं टीम भावना के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती लक्ष्मी पाटीदार एवं श्रीमती श्वेता काकडे ने किया। आभार विद्यालय की उपप्राचार्य डॉ श्रीमती नीलू दुबे ने माना।

