Type Here to Get Search Results !

देवास में शीघ्र खुलेगा इग्नू का अध्ययन केंद्र

 


------------ 

कलेक्टर श्री गुप्ता से इग्नु क्षेत्रीय केंद्र भोपाल की टीम ने की शिष्टाचार भेंट की

-------------

      देवास, 04 मई 2023/ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र भोपाल (इग्नू) से टीम ने कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की एवं देवास में इग्नू अध्ययन केंद्र खोलने के लिए आग्रह किया। बैठक में इग्नू से उपनिदेशक डॉ. अंशुमान उपाध्याय सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सुवाश संजय नायक, प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय देवास एवं प्राचार्य शासकीय आईटीआई सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

इग्नू की टीम ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में छात्रों को अध्ययन के लिए बहु विकल्पीय मार्ग प्रदान करने की बात कही गई है। इस संबंध में यूजीसी एवं इग्नू ने विस्तार से दिशा निर्देश जारी किए हैं। जिसके अनुसार अब छात्र दो डिग्री एक साथ सकते हैं। देवास में अध्ययन केंद्र न होने से विद्यार्थियों को इंदौर अथवा उज्जैन जाना पड़ता हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में इग्नू अध्ययन केंद्र स्थापित के लिए प्रस्ताव कलेक्टर श्री गुप्ता को प्रेषित किया गया, जिस पर उन्होंने शासकीय विज्ञान महाविद्यालय देवास में इस केंद्र की स्थापना हेतु चिंहित किया। 

बैठक के दौरान इग्नू टीम द्वारा अवगत कराया गया कि इग्नू द्वारा 270 से अधिक पाठ्यक्रम दूरस्थ शिक्षा एवं ऑनलाइन माध्यम से संचालन किया जा रहा है। इग्नू की फेक्सिवल प्रवेश प्रक्रिया, मॉड्यूलर पाठ्यक्रम एवं नवीन विषयों की उपलब्धता स्नातक एवं परास्नातक कर रहे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभदायक हो सकता है। इग्नू के अधिकतम पाठ्यक्रम युवाओं एवं अन्य शिक्षार्थियों के कौशल विकास तथा ज्ञान संवर्धन में लाभ दायक होंगे। इग्नू द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा पर भी आधारित अनके पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे मुख्यत: संस्कृत, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, वैदिक अध्ययन, वैदिक गणित एवं भारतीय काल गणना सम्मिलित हैं। बैठक के दौरान इग्नु द्वारा स्थापित देवास नोडल आईटीआई के इग्नू एमएसडीई विस्तार केंद्र को और सुदृढ़ करने पर भी चर्चा की गई। कौशल शिक्षा प्राप्त कर रहे आईटीआई के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जोड़ने के लिए इग्नु एवं एम.एस.डी.ई. भारत सरकार के मध्य एक समझौता ज्ञाप हुआ है। जिसके अंतर्गत सभी जिलों पर इग्नू-एम.एस.डी.ई. विस्तार केंद्र की स्थापना की गई है। इग्नू द्वारा कौशल विकास समिति के सदस्यों की कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए एक छ: माह का सी-संकल्प प्रमाण पत्र नि:शुल्क संचालित कर रहा है। इस संबंध में इग्नू की टीम द्वारा कलेक्टर श्री गुप्ता से आग्रह किया गया कि वे सभी सदस्यों को इस विशेष कार्यक्रम के लिए मनोनयन हेतु आदेश पारित करे।

इग्नू की टीम ने शासकीय विज्ञान महाविद्यालय का किया निरीक्षण

बैठक के पश्चात इग्नू की टीम द्वारा शासकीय विज्ञान महाविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां प्राचार्य एवं अन्य शिक्षकगणों से इग्नु के बारे में विस्तार से चर्चा की गई तथा इग्नु अध्ययन केंद्र स्थापित करने के लिए सभी प्रारूपों को सौंपा गया। इग्नू के पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को होने वाले संभावित लाभ को भी टीम द्वारा विस्तार से बताया गया।