Type Here to Get Search Results !

जिले में “अन्न उत्सव” का आयोजन 08, 09 एवं 10 मई को

 जिले में “अन्न उत्सव” का आयोजन 08, 09 एवं 10 मई को

---------- 

“अन्न उत्सव” के संबंध में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

-----------

देवास, 04 मई 2023/ राज्य शासन के आदेशानुसार माह मई में "अन्न उत्सव का आयोजन 08, 09 एवं 10 मई को समारोहपूर्वक किया जा रहा है। "अन्न उत्सव में सभी सम्मिलित पात्र परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरण शासकीय कर्मचारी की उपस्थिति में वितरण किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण व्यवस्थित कराना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि “अन्न उत्सव” हेतु पूर्व से नियुक्त नोडल अधिकारी अनिवार्यतः दुकान पर उपस्थित रहकर न्यूनतम 25% पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण कराया जाना सुनिश्चित करें। अंत्योदय परिवारों को 35 किलो खाद्यान्न (गेहूँ 14 किलो, चावल 21 किलो ) एवं प्राथमिकता परिवारों के सदस्यों को 05 किलो खाद्यान्न (गेहूँ 02 किलो, चावल 03 किलो) निःशुल्क प्रदाय कराया जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि सामग्री वितरण हेतु प्रत्येक दुकान पर पीओएस मशीन उपलब्ध एवं चालू हो। नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा माह मई, 2023 के आवंटन अनुसार खाद्यान्न का शत-प्रतिशत प्रदाय उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव दिनांक के पूर्व कराया जाना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि राशन सामग्री के परिवहन, उठाव एवं वितरण में अनियमितता या लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कठोर कार्यवाही करते हुए प्रदाय एवं वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उचित मूल्य दुकानों पर अधिक से अधिकक पात्र हितग्राहियों को आमंत्रित कर पात्रता अनुसार NFSA योजना का खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण कराया जाएं। अन्न उत्सव आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, दीनदयाल अंत्योदय समिति एवं दुकान स्तरीय सतर्कता समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित करते हुये भागीदारी सुनिश्चित की जाये। 

कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि पात्र परिवारों की E-KYC, Mobile & Aadhaar Seeding की दुकानवार एवं जेएसओ वार समीक्षा की जाये।  अन्न उत्सव के आयोजन के पूर्व ग्राम में मुनादी कराई जाकर जागरूकता अभियान अंतर्गत ( दुकान पर लगाई गई सूचनायें, पीओएस की उदघोषणा, मोबाईल सीडिंग, SMS प्रेषण, पीओएस से पावती का प्रदाय ) से ग्रामवासियों को अवगत कराया जाए। नोडल अधिकारी अन्न उत्सव के दौरान उचित मूल्य दुकान पर लगाई जाने वाली सूचनाओं, पीओएस मशीन से उदघोषणा, निःशुल्क वितरण की पावती प्रदाय का सत्यापन करेंगे। अन्न उत्सव के आयोजन हेतु निर्धारित दिनांक 08, 09, 10 एवं वितरण व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।