युवा उत्सव-इण्डिया@2047 की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
------------
जिले के समस्त विद्यालयों/महाविद्यालयों में युवाओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए करें प्रोत्साहित - कलेक्टर श्री गुप्ता
----------
देवास जिले में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 28 मई को, प्रतिभागिता में भाग लेने के लिए 20 मई तक करें पंजीयन
-----------
चित्रकला, कविता, मोबाइल फोटोग्राफी, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम विधाओं में होंगी प्रतियोगिता
-----------
देवास, 09 मई 2023/ जिले में युवा उत्सव-इण्डिया@2047 कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवा 20 मई 2023 तक अपना पंजीयन करा सकते है। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु समूह के छात्र अथवा गैर छात्र युवा भाग ले सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित विजेता युवाओं को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसी तरह राज्य स्तरीय विजेता राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग ले सकेंगे।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। युवा उत्सव के माध्यम से युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को मंच मिलेगा साथ ही उन्हें अमृत काल के दौरान अपनी भूमिका के प्रति सचेत भी करेगा। सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखने का यह एक सुनहरा अवसर है।
नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपनिदेशक अरविन्द श्रीधर ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता, कविता प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता "अमृत काल के पंचप्रण" पर केंद्रित होगी, जबकि मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता लैंडस्केप, नेचर, एनिमल, आर्किटेक्चर, पोट्रेट पर केंद्रित होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत पारंपरिक लोक सांस्कृतिक विधा को शामिल किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जिला स्तर से लगाकर राष्ट्रीय स्तर तक आकर्षक पुरस्कार राशि विजेताओं को प्रदान की जाएगी। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए कार्यालय नेहरू युवा केंद्र एच.आई.जी. 30, विजय नगर, देवास अथवा स्थानीय राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी से संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम सहायक नेहरू युवा केंद्र देवास श्री अनिल जैन के मोबाइल नंबर 9926408003) एवं जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना श्री प्रमोद पलासिया के मोबाइल नंबर 9893926521 पर भी जानकारी ली जा सकती है।

