आयुर्वेदिक औषधियों से ग्रामीणों को मिल रहा फायदा, स्त्री रोग में भी बेहतर परिणाम दे रही आयुष पद्धति
-------------
देवास 29 अप्रैल 2023/ ग्रामीण क्षेत्र में स्थित आयुष औषधालयों तथा हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स से ग्रामीणों को अच्छा लाभ मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में अब स्त्री, स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयुष पद्धति की औषधियों तथा ऋतुचर्या, आहार चर्या से स्त्री स्त्री रोगो में भी बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. गिर्राज बाथम ने देवास जिले के सभी औषधालय तथा केन्द्र प्रभारी चिकित्सकों को स्त्रियों की सेहत के लिए विशेष अभियान चलाने तथा स्त्री रोगो के उपचार पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए है। खेरियाजागीर की रहने वाली 38 वर्षीया श्रीमती सीमा वैद बीते कई सालों से श्वेत प्रदर की समस्या से बेहद परेशान थी । उन्होंने दूर शहरों के महंगे अस्पतालों में भी इलाज करवाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ है।
उन्हें जब शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय खेरियाजागीर में मध्यप्रदेश शासन की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाओ के बारे मे पता लगा तो उन्होंने भी दिखाया। जांच एवं परीक्षण के बाद औषधालय से उन्हें आयुर्वेदिक औषधियों के साथ पथ्य, ऋतुचर्या, तनाव प्रबंधन, आहारचर्या तथा साफ-सफाई की जानकारी प्रदान की गई। श्रीमती सीमा खुद बताती है कि डॉ. उमा कुशवाह के परामर्श के बाद महज तीन महीनों में ही उन्हें काफी राहत महसूस हुई है।
