देवास जिले में केन्द्रीय नीति आयोग की टीम ने हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर दोतांजागीर का किया निरीक्षण
------------
आयुष विभाग की ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिये की प्रशंसा
------------
देवास, 12 अप्रैल 2023/ केन्द्रीय नीति आयोग की रिसर्च टीम ने बुधवार को आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर दोताजागीर का निरीक्षण कर ग्रामीणों को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। टीम ने बेहतर सुविधाओं के लिए प्रशंसा की। टीम के सदस्यों ने आयुष सेंटर डाक्टर्स तथा पैरामेडिकल स्टॉफ के साथ चिकित्सा सुविधा लेने पंहुचे ग्रामीणो से भी चर्चा की। नीति आयोग नईदिल्ली की रिसर्च आफिसर टीम मे रिसर्च अधिकारी डॉ. रिंकी ठाकुर तथा सीनियर एसोसिएट डॉ. कृष्णकांत शर्मा, आयुष विभाग के उपसचालक डॉ.राजीव मिश्रा, डॉ. वैभवराव पाटील भोपाल संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. ज्योति पांचाल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गिर्राज बाथम भी उपस्थित थे।
देवास जिले के सीमावर्ती गांव दोतांजागीर पहुंची नीति आयोग के अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण के दौरान हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. हबीब पटेल से यहां दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। टीम ने मौके पर उपस्थित दोतांजागीर निवासी सुरेश शर्मा तथा हरिसिंह राजपुत से चर्चा की। श्री शर्मा ने बताया कि उन्हें 06 माह पूर्व लकवा हुआ था इसमें आयुष पद्धति से इलाज के बाद उन्हें काफी लाभ है। श्री राजपूत घुटने के दर्द से 03 सालो से पीडित है। जिन्हें बीते 02 महिने से खासा फायदा हुआ है।
योग प्रशिक्षण राजेश मालवीय तथा सहायक समीर शेख से योग गतिविधियों की जानकारी ली। योग प्रशिक्षक ने गामीणों के साथ योग प्रदर्शन किया। टीम ने औषधीय वाटिका का भी निरीक्षण किया। अधिकरियो ने हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर पर दी जा रही सुविधाओ पर खुशी जाहिर की तथा प्रफुल्लित मन से स्टॉफ की सराहना की।



