देवास जिले में ‘‘एक जिला एक उत्पाद‘‘ योजना में बांस का रकबा बढाने के लिए सोनकच्छ में कार्यशाला आयोजित
------------
देवास 18 अप्रैल 2023/ जिले में ‘‘एक जिला एक उत्पाद‘‘ योजना में बांस का रकबा बढाने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कम्युनिटी हाल सोनकच्छ में किया गया। कार्यशाला में उपसंचालक कृषि श्री आर.पी. कनेरिया, परियोजना संचालक ‘‘आत्मा‘‘ श्रीमती नीलमसिंह चौहान, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सोनकच्छ श्री आर.के. द्विवेदी, वन परिक्षेत्र अधिकारी सोनकच्छ श्री देवेन्द्र सिंह चौहान, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सोनकच्छ श्री टी.आर. परिहार, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी सोनकच्छ श्री परमानन्द सेन, श्री जे.पी. मालवीय, कृषि विभाग के समस्त अधिकारी/कर्मचारी एवं कृषक उपस्थित थे।
कार्यशाला में उपसंचालक कृषि द्वारा उपस्थित किसानों को बांस रोपण के साथ प्राकृतिक खेती एवं फसल विविधीकरण के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही कृषकों को फसल कटाई के बाद नरवाई न जलाकर खेत में रोटावेटर चलवाकर फसल अवशेषों को भूमि में खाद के रुप में उपयोग करने की सलाह दी।
आर्टिसन कम्पनी के प्रबन्धक श्री दीपक खरे ने बांस (कटंगा) के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नदी, नाले एवं मेढ के पास हल्की जमीन जहां किसान चाहे वहां एक एकड़ भूमि में 100 से 110 पौधे 20-20 फीट की दूरी पर लगाने के साथ-साथ इसके बीच में अन्तरवर्तीय फसल भी कर सकते है। किसान भाई अपनी निजी भूमि पर भी बांस की खेती करने के लिए बांस के पौधे लगा सकते है। वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह चौहान ने कटंगा बांस रोपण के संबंध में उपस्थित किसानों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन अनुविभागीय कृषि अधिकारी सोनकच्छ श्री आर.के. द्विवेदी द्वारा किया गया तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सोनकच्छ आभार श्री टी.आर. परिहार द्वारा माना गया।

