देवास जिले में ‘’एक जिला एक उत्पाद’’ अंतर्गत जनपद पंचायत टोंकखुर्द में कार्यशाला का हुआ आयोजन
------------
किसानों को बांस रोपण, नरवाई न जलाने, फसल विविधीकरण को अपनाने संबंधी जानकारी दी
---------
देवास, 19 अप्रैल 2023/ ‘’एक जिला एक उत्पाद’’ अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जनपद पंचायत सभाकक्ष टोंकखुर्द में किया गया। कार्यशाला में उप संचालक कृषि श्री आर.पी. कनेरिया ने किसान भाईयों को बांस रोपण करने, नरवाई न जलाने, फसल विविधीकरण को अपनाने, एक फसल पर निर्भर ना रहते हुए कई फसलों को अपने खेत में लगाने संबंधी जानकारी दी। कृषि वानिकी पर चर्चा करते हुए बताया कि अपने खेतों पर कटंगा प्रजाति के बांस लगाए। जिससे की किसानों की आय में वृद्धि हो सके। परियोजना संचालक (आत्मा) में किसानों को प्राकृतिक खेती के संबध में जानकारी दी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टोंकखुर्द ने किसानों को मछली पालन के संबंध में जानकारी दी। आर्टीशन एग्रोटेक के श्री प्रदीप खरे ने कटंगा बांस की उत्पादन तकनीक पर जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कटंगा बांस की खेती नदी नाले के किनारे, हल्की एवं पड़त भूमि पर की जा सकती है। एक एकड़ में 20 की दूरी पर 110 पौधे को लगाया जाता है। जिसमे शुरू के 3 वर्षो में अंतर्वती खेती की जा सकती है। आर्टीशन एग्रोटेक किसानों का 40 वर्षो का अनुबंध करती है। जिससे 2550 रूपये टन की दर से हरा बांस खरीदा जाता है।
कार्यशाला में उप संचालक कृषि श्री आर.पी. कनेरिया, परियोजना संचालक (आत्मा) श्रीमती नीलम चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टोंकखुर्द श्री चरत शिवहरे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री आर.के. द्वेदी, आर्टिशन एग्रीटेक देवास से श्री दीपक खरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी टोंकखुर्द पी.एस.यादव, उद्यानिकी विकास अधिकारी एम.एस. दोहरे, श्री भक्त राज पवांर, श्री कार्तिकेय मंडलोई सहित विकासखंड टोंकखुर्द के किसान उपस्थित थे।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री पी.एस. यादव द्वारा किया गया।

