Type Here to Get Search Results !

जिन्हें अपने लोगों ने छोड़ा उन्हीं बुजुर्गों ने दिखाई अपनी क्षमता

 अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम में आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं

---------

    देवास, 01 अक्टूबर 2024/ देवास के मीठा तालाब स्थित वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजे श्री राजेन्द्र कुमार पाटीदार, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री संगीता यादव, समाजसेवी मदन सिंह धाकड, भजन गायक द्वारका मंत्री, समाजेसवी पंकज संघवी, वृद्धाश्रम प्रबंधक दिनेश चौधरी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा वृद्धाश्रम के सभी वृद्धजनों का सम्मान शाल-श्रीफल भेंटकर एवं पुष्पमाला पहनाकर किया। वृद्धाश्रम में निवासरत 101 वर्षीय सौरम बाई चौधरी को शाल-श्रीफल एवं 1000 रूपए नगद राशि भेंटकर शतायु सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धों के उत्साहवर्धन के लिए नीम्बू रेस, चेयर रैस, दौड़, केरम बोर्ड प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में वृद्धजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए उत्साहित हुए।

 नीम्बू रेस में प्रतियोगिता महिलाओं में प्रथम उमराव बाई 82 वर्ष, पुरूषों में प्रथम मोहन सिंह 71 वर्ष, चेयर रेस प्रतियोगिता में महिलाओं में प्रथम देवबाई ठाकुर 70 वर्ष, पुरूषों में प्रथम महादेव देवकते 84 वर्ष, दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम उमरावबाई 82 वर्ष एवं केरम बोर्ड प्रतियोगिता में श्रीमती उषा जैन 76 वर्ष प्रथम आए। सभी विजेता वृद्धजनों को अतिथियों ने पुरूस्कृत किया। कार्यक्रम में भजन गायक द्वारका मंत्री ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, भजनों पर सभी वृद्धजन एवं आए हुए सभी अतिथि मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे।