शाजापुर के मक्सी में विवाद में दो पक्षों में पथराव और फायरिंग,एक की मौत 7 लोग घायल, सभी इंदौर रेफर
शाजापुर जिले के मक्सी में बुधवार रात को दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिंग और पथराव भी हुआ। बताया जा रहा है कि उपद्रव में एक शख्स की मौत हो गई है। जबकि 7 लोग घायल हैं, जिन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
घटना शहर के बल्डी मोहल्ले की है। जहां दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थर चले। विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पत्थर फेंके।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भीड़ को खदेड़ने के लिए मक्सी पुलिस को कई राउंड फायर करने पड़े। इधर, सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में जिले चार थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कलेक्टर, एसपी, एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी भी मक्सी पहुंचे।
शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
यहां से हुई विवाद की शुरुआत
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात शहर के बाल्डी मोहल्ले में समीर नाम के युवक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी थी। इसकी सूचना पर नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां तनाव का माहौल बन गया था। दोनों पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाने पर इकट्ठा हो गए।
पुलिस ने शिकायत पर मारपीट के आरोपियों पर केस दर्ज किया था। मंगलवार को आरोपी पक्ष के लोग शाजापुर में एसपी ऑफिस पहुंच गए और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
बुधवार रात को हुआ विवाद भी इसी से जुड़ा बताया जा रहा है। विवाद कैसे शुरू हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
उपद्रव में घायल हुए 8 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था, जिसमें से एक की मौत हो गयी




