Type Here to Get Search Results !

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास की 73वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

 जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास की 73वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न




--------------


जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक द्वारा 02 करोड़ 82 लाख रूपये का लाभ अर्जित किया गया


-----------


     देवास, 29 अगस्त 2024/ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास की 73वीं वार्षिक साधारण सभा कलेक्‍टर श्री ऋषव गुप्‍ता की उपस्थिति में आयोजित हुई। साधारण सभा में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्री गुप्ता द्वारा अध्यक्षीय उद्बोधन का वाचन कर बैंक की प्रगति से समस्त प्रतिनिधिगणों को अवगत करवाया गया। वर्ष 2023-24 में बैंक की निधियों का वास्तविक विनिमय मूल्य नवीन प्रावधान अनुसार धनात्मक 146 करोड़ 16 लाख रूपये हो गया है। आलोच्य वर्ष में बैंक द्वारा 02 करोड़ 82 लाख रूपये का लाभ अर्जित कर बैंक दिनांक 31 मार्च 2024 की स्थिति में पूर्व के सम्पूर्ण लाभ का विभाजन करने के पश्चात 09 करोड़ 60 लाख रूपये के संचित लाभ में आ गया है। कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्री गुप्‍ता ने बैंक के लाभ में वृद्धि करने बैंक में ऋणों के विविधीकरण करने एवं अन्य योजनाएं लागू करने के संबंध में विस्तृत निर्देश दिये।


     साधारण सभा में बताया गया कि बैंक द्वारा कृषक सदस्यों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना अन्तर्गत 01 लाख 73 हजार 052 कृषको को केसीसी जारी किये गये हैं। बैंक द्वारा कृषक सदस्यों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना क्रियान्वित की जा रही है। बैंक की प्रदत्त अंशपूंजी आलोच्य वर्ष 2023-24 में कुल 49 करोड़ 77 लाख 34 हज़ार रूपये है। वर्ष 2023-24 में बैंक द्वारा 765 करोड़ 83 लाख रूपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण किया गया है। वर्ष 2023-24 में बैंक की कार्यशील पूंजी 1472 करोड़ 14 लाख रूपये हो गई है, जो विगत वर्ष से 74 करोड़ 74 लाख रूपये अधिक है। बैंक द्वारा कृषकों के हितार्थ नाबार्ड के सहयोग से मोबाईल वेन सुविधा प्रारंभ कर ग्रामीण क्षेत्र के खाताधारक ग्राहकों को कोर बैंकिंग अन्तर्गत उक्त वेन में लगे प्रोजेक्टर कम्प्यूटर सेट के माध्यम से कृषकों को रूपे केसीसी कार्ड एवं बैंकिंग के संबंध में नई तकनीकी से अवगत करवाया जा रहा है।


     साधारण सभा में बैंक की वर्ष 2024-25 में प्रस्तावित योजनाओं से प्रतिनिधिगणों को अवगत करवाया गया। बैंक के सम्पूर्ण ग्राहकों को कोर बैंकिंग एटीएम सुविधा प्रदान करना केन्द्र सरकार के सहकारिता विभाग एवं नाबार्ड की पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना अंतर्गत संपूर्ण प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं का कम्प्यूटरीकरण कार्य प्रगति पर है। जिले के सभी किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत लाभान्वित करना। जिले में सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को शत प्रतिशत केसीसी सुविधा से जोड़ना, जिले की बैंक से सम्बद्ध समस्त 141 सहकारी संस्थाओं में ग्रामीण बचत बैंक की सुविधाएं बढ़ाना, केन्द्र सरकार सहकारिता विभाग की सहकार से समृद्धि योजनांतर्गत पात्र प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में नवीन योजनाएं लागू कर कृषक एवं आमजनों को सुविधा प्रदत्त करना, संस्थाओं में कृषकों के हितार्थ माइक्रो एटीएम की सुविधा प्रदत्त करना इत्यादि योजनाओं से भी प्रतिनिधिगणों को अवगत करवाया गया।


     साधारण सभा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास श्री पीएस पुरी ने वार्षिक साधारण सभा में वार्षिक पत्रक का वाचन किया। वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही के लिए निर्धारित एजेंडा अनुसार विषयों पर कार्यवाही सम्पन्न की गई। वार्षिक साधारण सभा में भारी संख्या में बैंक से संबद्ध संस्थाओं एवं दुग्ध संस्थाओं के प्रशासकगण/प्रतिनिधिगण एवं बैंक के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।